0 सर्दी में ही पेयजल के लिए मचने लगी त्राहि-त्राहि
उरई। प्रदेश सरकार द्वारा जिले को सूखा प्रभावित घोषित किये जाने के बाद राहत के लिए चाक-चैबंद व्यवस्था की जाने के प्रशासन के दावों की हकीकत खुलकर सामने आ गई है। एक ओर जमीन के नीचे जल स्तर का लगातार बुरी तरह खिसकना जारी है। दूसरी ओर इससे पेयजल संकट भयावह होने के मंडराते खतरे को संज्ञान में लेने के लिए प्रशासन अभी तक चैकन्ना नही हो सका है। नतीजा यह है कि आये दिन किसी न किसी मोहल्ले से पानी की गुहार लेकर कलेक्ट्रेट में धावा के लिए पहुंचने वालों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है।
मोहल्ला नया पटेल नगर हडडी मील के पीछे की बस्ती के बाशिंदे आज वार्ड 16 के सभासद कमलेश पाल को साथ लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम से पानी न आने का रोना लेकर पहुंच गये। भीड़ में शामिल लोगों ने डीएम को बताया कि उक्त मोहल्ले में पांच हैंडपंप मजार के पास, राकेश के मकान के सामने, छेदी के दरवाजे के सामने, भइया लाल के सामने और सुरेश बाल्मिीकि के सामने लगा है। जो जल स्तर नीचा हो जाने की वजह से ठप्प पड़ गये हैं। जिससे उन लोगों को जरूरतें पूरी करने के लिए दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि वे जलसंस्थान में इसकी शिकायत पहले ही कर चुके है लेकिन वे लोग कोई ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का निदान कारगर तरीके से कराया जायेगा।
प्रदर्शन में शिवेंद्र, राहुल, शंकर, लालजी, अभिषेक, कामता प्रसाद, पे्रमचंद्र आदि शामिल थे।






Leave a comment