कोंच-उरई। आज कोंच में एसआईबी टीम की छापेमारी ने पूरे मार्केट में अफरातफरी मचा दी और किराना, मिठाई से लेकर गल्ला मंडी तथा सर्राफा में धड़ाधड़ शटर गिरे। थोड़ी ही देर में समूचे बाजार में दुकानदार भूमिगत हो गये, जबकि टीम ने केवल दो मिठाई की दुकानों पर ही कार्यवाही करके अपने हाथ पांव समेट लिये। एसआईबी टीम हैड रमेशचंद्र राजपूत ने बताया कि शिकायत पर यह कार्यवाही की गई थी।
आज सबेरे रोज की तरह आम जनजीवन शुरू हो गया था और व्यापारिक कामकाज अपने ढर्रे पर चल रहा था लेकिन दोपहर के वक्त अचानक ही अधा दर्जन गाडियों का काफिला व्यस्ततम मारकंडेयश्वर तिराहे पर रूका और फटाफट अधिकारियों व पुलिस फोर्स के लोग वहां स्थित दो मिठाई की दुकानों में घुस गये। मारकंडेयश्वर मिष्ठान्न भंडार व चंद्रभान अग्रवाल की मिठाई की दुकानों में अधिकारियों ने अभिलेख तलाशने शुरू किये लेकिन जरूरी अभिलेख एसआईबी टीम को नहीं मिले। सामानों की खरीद या बिक्री के बिल वाउचरों का कोई रिकॉर्ड टीम को नहीं मिला लिहाजा जरूरी लिखापढी करके टीम बापिस हो गई। टीम हैड रमेशचंद्र राजपूत ने बताया कि इन दुकानों की शिकायत की गई थी, एक दुकान ने व्यापार कर में रजिस्ट्रेशन तो करा रखा है लेकिन दो सालों से रिटर्न ही नहीं दाखिल हुये, जबकि दूसरी दुकान ने तो व्यापार कर विभाग में पंजीयन तक के लिये आवेदन नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी कार्यवाहियां समय समय पर होती रहेंगीं। इस दौरान अन्य अधिकारियों में असिस्टेंट कमिश्नर अखिलेश गौड़, सचल दल के जयसेन, कमल पांडे, आशीष सक्सेना आदि शामिल रहे। बहरहाल, एसआईबी छापे की खबर पूरे कस्बे में जंगल की आग की तरह फैल गई, न केवल मिठाई की दुकानें ही बल्कि किराना, गल्ला कारोबार और सर्राफा मार्केट पूरी तरह बंद हो गये और कारोबारी देखते ही देखते भूमिगत हो गये।






Leave a comment