0 देवर ने बहला फुसला कर करा लिया था विधवा भाभी की जमीन का बैनामा
cropped-12065564_1515048802143994_20145587447710710_n.jpgकोंच-उरई। गुजरी 14 दिसंबर को कस्बे के नया पटेलनगर इलाके की रहने वाली एक विधवा पार्वती की जमीन का बैनामा उसके ही देवर ने बहलाफुसला कर और उसे कतई अंधेरे में रख कर करा लिया था, पुलिस की तत्परता से उक्त जमीन का बैनामा दोबारा से विधवा के नाम पलट दिया गया है। पुलिस के इस कार्य की सर्वत्र सराहना की जा रही है, उसकी ठोस कार्यवाही ने एक बेसहारा महिला को बर्बाद होने से बचा लिया है।
नया पटेलनगर के ब्लॉक इलाके का है, वहां की रहने बाली एक विधवा पार्वतीदेवी पत्नी कन्हैयालाल कुशवाहा के पति की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन जो कोंच के बदनपुरा मौजे में अवस्थित है, पार्वती सहित उसके सहखातेदारों के नाम आ गई थी। गुजरी 14 दिसंबर को पार्वती का देवर उदयसिंह पुत्र ग्यासीलाल पार्वती के पास आया और उससे बहुत ही आत्मीयता दर्शाते हुये कहा कि उसकी जमीन पर कुछ कर्जा लेकर उसकी बेटी दीक्षा की शादी का बंदोबस्त करवा देंगे। इस तरह उसे बहला फुसला कर उदयसिंह पार्वती को तहसील स्थित रजिस्ट्री दफ्तर ले गया और उसके हिस्से की सारी जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। महिला को यह बात बाद में पता चली कि उसके देवर की हरकत से उसका सब कुछ लुट गया है। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपनी ब्यथा बताई तो कोतवाल रूद्रकुमार सिंह ने इस मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेकर महिला के देवर में इतनी हवा भर दी कि उसे अंतत: भाभी की जमीन लौटानी पड़ी।

सवालों के घेरे में रजिस्ट्री दफ्तर, पुलिस ने डीएम को भेजी रिपोर्ट
विधवा महिला पार्वती का मामला दरअसल पुलिस के लिये चुनौतीपूर्ण बन कर उभरा था जिसमें रजिस्ट्री दफ्तर जाकर भी उसे छानबीन करनी पड़ी थी। वहां पुलिस ने सब रजिस्ट्रार से बातचीत की तो मामला संदिग्ध लगा और पुलिस को लगा कि इस मामले में महिला के साथ जो षड्यंत्र किया गया है उसमें रजिस्ट्री दफ्तर की भूमिका सवालों के घेरे में है। यह मामला पुलिस के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत कर गया कि न सिर्फ इस एक मामले में बल्कि और भी कई मामलों में भी गुड़ का गोबर किया जाता होगा। बहरहाल, कोतवाल रूद्रकुमार सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सारी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है जिसमें सब रजिस्ट्रार की भूमिका को भी सवालों के घेरे में लाया गया है, साथ ही दफ्तर में आवश्यक रूप से सीसी टीवी कैमरे लगवाने की भी सिफारिश की गई है।

Leave a comment