0 रिपोर्ट दर्जकर हाथ पर हाथ धरे बैठी पुलिस
28orai04उरई। सेवा निवृत्त पुलिस कर्मचारी और उसके लड़के पर जमीन के विवाद को लेकर दो बार हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है लेकिन आरोपियों पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई। जिससे उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित ने आज कोतवाली पुलिस के रवैये से निराश होने के बाद पुलिस कार्यालय पहुंचकर सीधे एसपी के सामने अपनी फरियाद रखी। एसपी ने कोतवाली पुलिस से आख्या तलब कर ली है।
रूरा अडडू निवासी सेवा निवृत्त पुलिस कर्मी सरनाम सिंह की खेती पिया निरंजनपुर गांव में पड़ती है। जिसे लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। गत् 19 दिसंबर को जब वे अपने खेतों में पानी लगा रहे थे तो बकौल उनके अवधेश सिंह, विमलेश सिंह, बृजेश सिंह व रविंद्र सिंह पुत्रगण रामसिंह और अमर सिंह पुत्र अवधेश सिंह ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद उनके खेत में अपना ट्रैक्टर दौड़ा दिया जिससे उनकी तमाम फसल बर्बाद हो गई। नुकसान होता देख जब सरनाम ने इसका विरोध किया तो लाठी-डंडों से हमला करके उसे घायल करने के बाद वे लोग फरार हो गये। इसके बाद 24 दिसंबर को उक्त लोगों ने फिर खेत पर काम करते समय सरनाम सिंह के लड़कों बालाप्रसाद व झल्लू को कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान कर डाला। सरनाम का भतीजे रामलखन और पिंटू बचाने आये तो उन्हें भी हमले का शिकार होना पड़ा। सरनाम सिंह का कहना है कि उसने दोनों मामलों की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। लेकिन पुलिस कार्रवाई नही कर रही।
पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची ने सरनाम सिंह की फरियाद सुनने के बाद प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना को वस्तु स्थिति जानने के लिए अपने सामने तलब किया। उन्होंने सरनाम सिंह को आश्वासन दिया है कि अगर उनका आरोप सही है तो आरोपियों पर कार्रवाई करने में कोई ढील नही बरती जायेगी।

Leave a comment

Recent posts