28orai03उरई। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के फार्म हाउस पर अवैध शराब का गोदाम बना हुआ था। सटीक मुखबिरी के जरिए पुलिस ने ठिकाने पर पहुंचकर दबिश दी जिसमें ढाई लाख रुपये की अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही बसपा नेता फरार हो गया। पुलिस मुकदमा दर्जकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
कांशीराम काॅलौनी के पास पुराने मशीना बीज भण्डार में अवैध शराब का वेयर हाउस लंबे समय से चल रहा था। इस वेयर हाउस से हर महीने हजारों पेटी तस्करी की शराब की आपूर्ति जिले भर में की जाती थी। पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची के निर्देशन में अवैध शराब की धरपकड़ के लिए चल रहे अभियान के कारण कोतवाली पुलिस की सतर्कता के फलस्वरूप उक्त वेयर हाउस की जानकारी उस तक पहुंच गई। नतीजतन उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने रात में निर्दिष्ट स्थान पर छापा डाल दिया। आज पत्रकार वार्ता में उपाधीक्षक नगर डाॅ. जंग बहादुर सिंह यादव ने बताया कि इस कार्रवाई में 28 पेटी अंग्रेजी शराब और 18 पेटी देशी शराब के क्वार्टर बरामद हुए। उन्होंने बताया कि अवैध शराब के इस पूरे जखीरे की कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक है।
गौरतलब है कि मशीना बीज भण्डार को काफी समय पहले बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार राठौर ने खरीद लिया था और इसमें अपना गोदाम बना लिया था। अवैध शराब की बरामदगी का मुकदमा इस कारण राजकुमार राठौर के नाम से दर्ज हुआ है लेकिन उसके फरार हो जाने की वजह से उसकी गिरफ्तारी अभी नही हो पाई है। डाॅ. जंग बहादुर सिंह यादव ने बताया कि पुलिस दबिश की मालूमात होते ही राजकुमार फरार हो गया। जिसे दबोचने के लिए कोतवाली पुलिस ने कड़ी व्यूह रचना की है और एक-दो दिन में ही उसे पकड़ लिये जाने की उम्मीद है।
ध्यान रहे कि राजकुमार राठौर द्वारा बस स्टैण्ड पर संचालित मैरिज हाल में कुछ समय पहले एक सैक्स रैकिट पकड़ा गया था। विवादित नेता की कोंच रोड पर एसआर काॅलेज के पास आलीशान कोठी बनी है। जिसके भीतर उसने सरकारी हैंडपंप लगा रखा है। जनचर्चा यह है कि विपक्ष में होते हुए भी वह जिले के अधिकारियों का अपने सेवाभावी गुणों की वजह से विशेष चहेता है। जिसके कारण उसकी कानून तोड़क कारगुजारियों को आसानी से संज्ञान में नही लिया जाता है।

Leave a comment

Recent posts