उरई। उन्नाव में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की नाक की लड़ाई जीतने के बाद विधायक कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी संगीता सिंह ने आज दतिया में पीताम्बरा पीठ और ओरछा में रामलला के दर्शन किये। वापस लौटते समय जालौन रोड पर राघवेंद्र सिंह भाईजी के आवास पर उनका फूलमालाएं लादकर स्वागत किया गया।
उन्नाव में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में रोमांचक संघर्ष हुआ। समाजवादी पार्टी ने ज्योति रावत को उम्मीदवार घोषित किया था जबकि पार्टी के ही विधायक कुलदीप सिंह अपनी पत्नी संगीता सिंह को उम्मीदवार बनाने का निश्चय कर चुके थे। पार्टी ने जब उन्हें हरी झंडी नही दी तो मजबूरी में बगावत करके उन्होंने अपनी पत्नी का भी पर्चा भरवा दिया। कांटे की लड़ाई में ज्योति रावत और संगीता सिंह को बराबर-बराबर मत मिलें। इसके बाद ड्रा निकालकर चुनाव कराया गया जिसमें संगीता सिंह विजयी हुई। प्रतिष्ठा की लड़ाई में मिली कामयाबी से प्रदेश की राजनीति में जहां कुलदीप सिंह का कद ऊंचा हो गया है वहीं उनके घर, परिवार और समर्थकों की खुशी का ठिकाना नही है।
कुलदीप सिंह और संगीता सिंह ने अपनी सफलता को भगवान का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि इसीलिए वे आज पीताम्बरा पीठ और रामलला के दरबार में माथा टेंकने गये थे तांकि उनकी कृपा इसी तरह उन पर बरसती रहे। उनके साथ अरुण सिंह, अरविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य धीरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह व विमल सिंह आदि थे। गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी ने संगीता सिंह को पार्टी की जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में स्वीकार करने की घोषणा पहले ही कर दी है।






Leave a comment