उरई। बसपा सुप्रीमों मायावती का जन्मदिन शुक्रवार को जन कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाने के तहत जिले में भी पार्टी ने बढ़चढ़ कर आयोजन करने की योजना बनाई है। इस अवसर पर टाउनहाल मैदान में 60 पौंड का केक काटकर सभा आयोजित की जायेगी। इसके बाद गरीबों को कंबल का व्यापक पैमाने पर वितरण होगा।
बहनजी के बर्थडे समारोह की जानकारी देने के लिए जोन कोर्डिनेटर तिलक चंद्र अहिरवार ने मंडल कोर्डिनेटर मानसिंह पाल, कमल दोहरे और संजय गौतम के साथ पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अकबर अली भी उपस्थित थे। तिलकचंद्र अहिरवार ने आरोप लगाया कि बुंदेलखंड में सूखे से तबाह किसानों की मदद के नाम पर अखिलेश सरकार मजाक कर रही है। उसने अपने कोष से मात्र 14 करोड़ रुपये बुंदेलखंड में किसानों की सहायता के लिए दिये हैं। जिससे किसी किसान की आंख का एक आसू तक नही पोछा जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपहरण, लूट, हत्या जैसी संगीन घटनायें बढ़ रही हैं। सपा सरकार को किसानों से और गरीबो से कोई लेना-देना नही है। कानून व्यवस्था को पटरी पर रखने और गरीबों का उत्थान करने का काम केवल बहिन मायावती कर सकती हैं।
तिलकचंद्र अहिरवार ने बताया कि गांव-गांव में बहिनजी का जन्मदिन समारोह आयोजित किया जायेगा। मुख्य समारोह टाउन हाल मैदान में आयोजित होगा। लखनऊ में इस दौरान बहिनजी की पत्रकार वार्ता के सीधे प्रसारण को दिखाने के लिए टाउन हाल में जगह-जगह एलसीडी भी लगाई जा रहीं हैं। साथ ही गरीबों को कंबल, मरीजों को फल और विकलांगों को ट्राई साईकिल का वितरण भी किया जायेगा।






Leave a comment