उरई। जोल्हूपुर-हमीरपुर फोरलेन की फिजां में लिली के फूलों की महक बिखरेगी। लोक निर्माण विभाग लिली को डेढ़ हजार से अधिक पौधे लगवाने जा रहा है। जनपद के नोडल अधिकारी डा. हरिओम और जिलाधिकारी राम गणेश के निर्देश पर यह काम कराया जा रहा है। विभाग ने शुक्रवार को पौधे लगवाने का काम भी शुरू करा दिया। लिली के साथ ही बोगेन बिलिया के पौधे भी लगाये जायेंगे।
अब तक जितने भी फोरलेन बने हैं उनमें कनेर, बोगेन बिलिया व अन्य दूसरे पौधे लगे हैं। जोल्हूपुर हमीरपुर फोरलेन में सबसे अलग हटकर फूलों के पौधे लगाने का विचार किया गया है। जनपद के नोडल अधिकारी व जिलाधिकारी ने इस पर विचार विमर्श कर लोक निर्माण विभाग खंड तीन के अधिशाषी अभियंता से कहा कि फोरलेन पर लिली के पौधे लगवाये जायें ताकि वातावरण में फूलों की मिठास घुल सके। जिसको लेकर काम भी शुरू कर दिया गया है। विभाग ने डेढ हजार से अधिक पौधे मंगवाकर शुक्रवार को पौध रोपण का काम शुरू करा दिया है। लिली के साथ ही बोगेन बिलिया के पौधे भी लगाये जा रहे हैं। पौधे लग जाने के बाद फोरलेन की फिजां लिली के फूलों से महक उठेगी। इससे फोरलेन का डिवाइडर भी अति सुंदर नजर आयेगा। चूंकि मुख्यमंत्री को इस सड़क का लोकार्पण करना है जिसको लेकर विशेष तौर पर तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं अधिशाषी अभियंता एसपी ओझा ने बताया कि काम पूरा हो गया है। सिर्फ पौधे लगने का काम बाकी है। सुंदरीकरण में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जा रही है।






Leave a comment