उरई। जिला पंचायत सदस्य नम्रता तिवारी दीक्षित ने कहा है कि उन्हें अपने चुनाव से अनुभव हुआ कि ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को मताधिकार व अन्य राजनैतिक विषयों की जानकारी तक नही है। जबकि आधी दुनिया की सार्थक भागीदारी के बिना लोकतंत्र की कामयाबी की कल्पना नही की जा सकती। उन्होंने रेढ़र क्षेत्र में जहां से वे जिला पंचायत सदस्य चुनी गई हैं समर्पण समाजसेवी संस्था की कार्यकत्रियों के सहयोग से महिलाओं में राजनैतिक चेतना जागृत करने के लिए अभियान चलाने की इच्छा व्यक्त की।
सोमवार को स्टेशन रोड स्थित सिटी सेंटर में समर्पण जन कल्याण समिति ने क्षेत्रीय आरोह महिला किसान सम्मेलन का आयोजन किया था। वे सम्मेलन को विशेष अतिथि के रूप में संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर जिम्मेदारी तो डाली जाती है लेकिन उन्हें अधिकार नही दिये जाते। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद पिछड़े क्षेत्र की महिलाओं के अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष के मुकाबले उनकी ऊंची पढ़ाई-लिखाई कोई महत्व नही रखती।
सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सदर विधायक दयाशंकर वर्मा ने पिछड़े क्षेत्र की महिलाओं को मुख्य धारा में लाने में योगदान के लिए समर्पण के प्रयासों को सराहा। उन्होंने महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुकीं गिरजा देवी ने की। इस अवसर पर 18 जिलों से आईं संघर्षशील महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिनमें सहरोज खां कर्वी, विमला देवी फतेहपुर, शगुन देवी सहारिया ललितपुर, लीलावती हमीरपुर, बिटटन देवी कानपुर देहात, पुष्पा देवी कानपुर नगर, विंदेश्वरी पटेल भेंपता, गिरजा देवी ब्यौना राजा, पुष्पा देवी धौरपुर, शगुना देवी मऊ जालौन, विमला देवी झांसी, कुमारी आरती गोस्वामी धौरपुर, आशा देवी उन्नाव, अर्चना देवी औरेया शामिल थी। क्षेत्रीय सम्नवयक बलवीर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। गिरिजा, सुधा, दिव्येश्वरी, सुमन, नीरज और पुष्पा ने महिलाओं को किसान घोषित करने से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन विधायक दयाशंकर वर्मा को सौंपा। दिव्येश्वरी ने विधायक दयाशंकर वर्मा और सुधा खरे ने नम्रता तिवारी दीक्षित को स्मृति चिन्ह भेंट किये।
कार्यक्रम को आरोह अभियान की राज्य समन्वयक नीलम जी प्रभात, राजेंद्र सिंह भदौरिया और प्रवीण सिंह जादौन ने भी संबोधित किया।







Leave a comment