उरई। सिविल सर्विसेज डे पर गुरुवार को सबेरे जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय के परिसर से जिला पंचायत तक रैली निकाली गई। जिसे जिलाधिकारी संदीप कौर ने हरी झंडी दिखाई। रैली के माध्यम् से लोगों को स्वच्छ भारत और सुदंर भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।
सिविल सर्विसेज डे आज पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर भी यह दिवस पूरी गरिमा के साथ आयोजित हुआ। रैली रवाना करने के पहले जिलाधिकारी संदीप कौर ने कहा कि पारदर्शी संवेदनशील और कारगर प्रशासन देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस कसौटी पर स्वयं को खरा साबित करने के लिए प्रशासन की ऊपर से नीचे तक की कड़ी को ईमानदारी से दायित्व निर्वाह का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि सुचारू प्रशासन से देश भी मजबूत होता है और विकास की प्रक्रिया को भी तेज अग्रसरता प्राप्त होती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में इस दिवस के माध्यम् से घर-घर शौचालय बनाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले नगर पालिका प्रशासन ने शहर के हर घर का कूड़ा उठाने का अभियान शुरू किया है। जो आम लोगों के हाथ बटाये बिना सफल नही हो सकता। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिले में प्रशासन की अलग छवि कायम करने के लिए प्रत्येक विभागाध्यक्ष को आम लोगों की शिकायतों के तुरत निस्तारण के लिए संवेदनशील होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा ही प्रशासन का सर्वोपरि उददेश्य है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में किसी अभिनव शुरूआत की सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि नवीनता से समाज में नई चेतना का संचार और गतिशीलता बढ़ती है। जिसके लिए अभिनव प्रोजेक्ट तैयार कर उसकी व्यवहारिक तौर पर सार्थक रणनीति तैयार करने की जरूरत है।
रैली में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप सक्सेना सहित सभी प्रमुख अधिकारी व सफाई कर्मचारी और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सम्मिलित रहीं।





Leave a comment