0 लोगों की प्यास बुझाने को पंद्रह और प्याऊ खुलेंगे पहली मई से
21orai11कोंच-उरई। अप्रैल में मई से भी ज्यादा तापमान के कारण प्यास से बिलबिलाते लोगों को राहत देने के लिये आज से पालिका ने नगर में पांच जगह निःशुल्क प्याऊ शुरू कराये हैं। मानिक चैक स्थित झंडाघर पर पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया ने खुद अपने हाथों से राहगीरों को पानी पिला कर इसकी शुरूआत की।
पालिका द्वारा मई माह में कमोवेश दो दर्जन स्थानों पर कस्बे में प्याऊ की व्यवस्था की जाती रही है, लेकिन अबकी दफा मई से भी ज्यादा गर्मी अप्रैल में ही पड़नी शुरू हो गई है और बैरोमीटर का पारा बयालीस से चवालीस डिग्री सेल्सियस के बीच होने के कारण धूप और प्यास से लोगों के हलक सूखे जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से जनता की मांग को देखते हुये पालिका प्रशासन ने फिलहाल पांच प्याऊ आज से शुरू कराये हैं जिनमें पहले का उद्घाटन पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया ने झंडाघर पर किया और अपने हाथों से लोगों को पानी पिलाया। उन्होंने कहा कि अभी मानिक चैक स्थित झंडाघर, कोंच बस स्टैंड, कैलिया बस स्टैंड, पहाडगांव चुंगी प्रतीक्षालय तथा तहासील परिसर में प्याऊ खोले गये हैं, पहली मई से पालिका पंद्रह और स्थानों पर प्याऊ खुलवायेगी। इस दौरान सभासद महावीर यादव, बादामसिंह कुशवाहा, संजय सोनी, नरेन्द्र मयंक, जीवनलाल बाल्मीकि, सुरेन्द्रकुमार गुड्डू, ओमप्रकाश, शिवम ताम्रकार, अमित पाठक, समसुद्दीन, महेन्द्र सोनी, इक्कन, गोविंद बेलदार आदि मौजूद रहे।

Leave a comment