21orai12कोंच-उरई। सूबे में सूखे की बिभीषिका से जूझ रहे इलाकों में शासन ने जल संचयन के लिये खेत तालाब योजना शुरू की हैं जिसके तहत जिले में भी हर ब्लॉक में कल शाम इस योजना की शुरूआत कराई गई। इस काम के लिये जिले के विभिन्न अधिकारियों को गांवों में भेज कर योजना को धरातल पर लाने की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। कोंच ब्लॉक के पहाडगांव में एडीएम आनंद कुमार ने फीता काट कर खेत तालाब योजना का शुभारंभ किया तत्पश्चात् जेसीबी को हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर एडीएम आनंद कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुये कहा कि खेत तालाब योजना वस्तुतः किसानों के ही हित की योजना है जिससे खेतों की सिंचाई तथा सब्जियां उगो, बागवानी करने आदि में तालाब में संचित जल का उपयोग कर अच्छी उपज प्राप्त की जा सकती है और किसान अधिक लाभ कमा सकता है। उन्होंने कहा कि सूखा राहत के तहत यह योजना चलाई गई है जिसमें पचास फीसदी का अनुदान सरकार द्वारा दिया जायेगा, जबकि पचास प्रतिशत राशि किसान को स्वयं खर्चनी होगी। इस योजना का लाभ खासतौर पर बुंदेलखंड के किसानों को दिया जा रहा है लिहाजा इसका लाभ किसानों को लेना चाहिये। इस दौरान जिसके खेत में तालाब खुदाई की शुरूआत कराई गई, छोटेलाल, भूमि संरक्षण अधिकारी रामकिशोर, सौरभकुमार, इंद्रसेननाथ, लाखनसिंह, कमलेशकुमार, गयाप्रसाद, कालकाप्रसाद, महेन्द्रकुमार, नीतू शर्मा, रामगुलाम आदि मौजूद रहे।

Leave a comment