तीन अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
उरई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने फसल बीमा का क्लेम मिलने पर हो रही हीलाहवाली का मुद्दा उठाया। साथ ही नलकूप और बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही लापरवाही की शिकायत की। डीएम ने जवाब मांगा तो अधिकारी कोई समुचित उत्तर नहीं दे सके। इस पर डीएम ने नलकूप विभाग के दोनों अधिशाषी अभियंताओं और बिजली विभाग के एसडीओ को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। डीएम के तेवर देखकर अधिकारियों का पसीना छूट गया। डीएम ने कहा कि लापरवाही करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जायेंगे। किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के तौर पर किया जाये। यहां के किसान दैवीय आपदाओं से परेशान हैं।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिलाधिकारी संदीप कौर ने तालाबों के भरने की स्थिति की जानकारी ली। नलकूप विभाग द्वितीय के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि उन्होंने कई तालाब भरवा दिए हैं। अधिशाषी अभियंता प्रथम ने भी यही बात कही। इस पर किसानों ने कहा कि सूचना सही नहीं है। तालाबों में पानी न होने के कारण पशु बेहाल हैं। डीएम ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया है लेकिन कोई काम नहीं किया गया। चार दिन का समय दिया जा रहा है, अगर तालाब नहीं भरे गये तो कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने दोनों अधिशाषी अभियंताओं से स्पष्टीकरण भी मांगा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार ने कहा कि चार महीने पहले कोटरा काबिलपुरा मार्ग की ढीली लाइनों को कसने के निर्देश तत्कालीन डीएम ने दिए थे लेकिन बिजली विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस पर एसडीओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि बीमा कंपनियां किसानों के साथ छलावा कर रही हैं। प्रीमियम काटने के बाद भी पैसा नहीं दिया जाता। तमाम किसानों का पैसा लटका हुआ है। किसान नेता दिनेश प्रताप सिंह गौर ने डाल नहर के अधिकारियों की शिकायत की। उन्होंने कहा कि पंप कैनालों की हालत खराब है फिर भी ध्यान नहीं दिया जाता है। इससे किसानों का भारी नुकसान होता है। डीएम ने कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से करें। हीलाहवाली पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर एडीएम आनंद कुमार, लीड बैंक प्रबंधक सिद्धार्थ पाॅल, उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment