0 मण्डलायुक्त ने बदस्तूर किया कई विभागों का निरीक्षण
0 कोतवाली पुलिस की लापरवाही लीपापोती न हो पाने की वजह से नग्न होकर आई सामने
23orai01उरई। मण्डलायुक्त के. राममोहन राव के तबादले के कारण शनिवार को प्रस्तावित जिले में निरीक्षण के उनके कार्यक्रम के रदद हो जाने का अनुमान लगाकर स्थानीय अफसर चकमा खा गये। मण्डलायुक्त ने अभी कार्यभार नही छोड़ा है। इसलिए निरीक्षण कार्यक्रम में कोई बदलाव न करते हुए पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जब आज उन्होंने कोतवाली, नगर पालिका और जल निगम के कार्यालयों को प्रमुखता से परखा तो गफलत में तैयारी न की जाने की वजह से इनकी सारी कमजोरियां खुलकर सामने आ गई जिससे कमिश्नर की लताड़ झेलने के लिए इन विभागों को मजबूर होना पड़ा।
सबसे ज्यादा शर्मिंदगी का सामना कोतवाली पुलिस को करना पड़ा। उन्होंने जन शिकायतों का रजिस्टर देखा जिसमें लगभग 50 प्रार्थनापत्र उन्हें मिले जिन पर कोई एक्शन नही किया गया था। इस मामले में मण्डलायुक्त की पूंछतांछ का जबाव देते कोतवाल आलोक सक्सेना से नही बना। उन्होंने केवल इतना कहा कि इन प्रार्थनापत्रों पर कार्रवाई के लिए कोबरा टीमें मौके पर भेजी गई थी। लेकिन उन्होंने क्या किया इसको रजिस्टर में दर्ज नही कराया। मण्डलायुक्त ने इस कार्यप्रणाली को अनुचित बताते हुए कोतवाली का शिकायती रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया।
मण्डलायुक्त के. राममोहन राव ने कहा कि नगर पालिका की भी कार्यप्रणाली संतोषजनक नही है। सड़क किनारे तक उन्हें जगह-जगह कूड़े के ढेर मिले। उन्होंने कहा कि पालिका के ईओ को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक शौचालय बनवाने के लिए कहा गया है। जल निगम को भी उन्होंने संवेदनहीनता के लिए लताड़ा। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट गहन होने के बावजूद हैंडपंप लगाने और रीबोर करने में फुर्ती नही दिखाई जा रही है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि स्वच्छ पेयजल लोगों को उपलब्ध कराना प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है, लेकिन आरओ कंपनियों को इसकी आड़ में पानी की बर्बादी की इजाजत नही दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए झांसी मण्डल में 23 खेत तालाब निर्मित कराये जा रहे हैं। 250 खेत तालाब इसी वर्ष बनवाने का लक्ष्य है। पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार हेतु 1550 हैंडपंप रीबोर कराये जायेंगे जबकि 1500 नये हैंडपंप स्थापित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि मंडल के तीन जिलों में पेयजल की गहन अनुपलब्धता वाले क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए 80 टैंकरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इसके पहले जो हैंडपंप रीबोर हुए हैं उनकी सूची अभी तक नही मिली है लेकिन जल निगम को हिदायत दे दी गई है कि रविवार तक यह सूची हर हालत में दाखिल करा दी जाये। उन्होंने कहा कि सूची की असलियत की जांच के लिए इसकी एक प्रति पत्रकारों को भी दी जायेगी तांकि उनके माध्यम् से सही रिपोर्ट आ सके।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जो अधिकारी सही ढंग से कार्रवाई नही करेंगे उनके खिलाफ निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई करने का ऐलान मुख्यमंत्री कर चुके हैं। इसलिए अधिकारी सतर्क हो जायें। इसी बीच संकेत मिले हैं कि लखनऊ के मण्डलायुक्त महेश गुप्ता रविवार या सोमवार तक के. राममोहन राव से अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। के. राममोहन राव को झांसी के मण्डलायुक्त पद से स्थानांतरित कर शासन में सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षण में जिलाधिकारी संदीप कौर, पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार व अन्य अधिकारी उनके साथ रहे।

Leave a comment