0 मंडलायुक्त से शिकायत
उरई। कुठौंद ब्लाक के अंतर्गत ग्राम पंचायत शहजादेपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की कि गांव का कोटेदार नये राशन कार्ड इंटरनेट पर चढ़ाने के नाम पर एक हजार रुपये प्रति राशन कार्ड मांग रहा है। अंत्योदय और बीपीएल कार्ड धारक गरीब कहां से पैसा लायें। कोटेदार खाद्यान्न भी नहीं दे रहा है। सभी ग्रामीणों को राशन दोनापुर के कोटेदार के यहां से मिलता है। मंडलायुक्त ने सीडीओ को इस मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि अगर गड़बड़ी पाई जाये तो कठोर कार्रवाई करें।
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विकास भवन पहुंचे। जैसे ही कमिश्नर बैठक से निकले तो ग्रामीणों ने अपनी व्यथा उनको बताई। कहा कि ग्राम पंचायत शहजादेपुर के अंतर्गत मोहम्मदपुर, तातारपुर भी आते हैं। इन गांवों के ग्रामीणों को राशन सामग्री दोनापुर के कोटेदार के यहां से मिलती है। कोटेदार धांधली पर आमादा है। वह नये राशनकार्ड इंटरनेट पर चढ़ाने के लिए एक हजार रुपये प्रति कार्ड मांग रहा है। गरीब लोग पैसा कहां से लायें। वह खाद्यान्न भी नहीं दे रहा है। जिससे ग्रामीण परेशान हैं। इस मामले की जांच कराई जाये। सुरेश, तेज सिंह, नरेंद्र, भोले, रविंद्र कुमार, रामकेश, रामकुमारी, रामदेयी, रानी बाई, हरनाम सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पालिका के निरीक्षण के दौरान सुनील कौशल, लालजी गुप्ता, रमेश चंद्र, माता प्रसाद, योगेंद्र कुमार, हनुमंत सिंह, रज्जन, अशोक कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि राठ रोड पर मौनी मंदिर के सामने वाली गली में कुछ दबंग दुकानदारों ने नगर पालिका की जमीन पर कब्जा कर रखा है। जिससे आने जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।





Leave a comment