उरई। निर्माण कार्यों को समय से पूरा करायें। बिलंब के कारण अगर स्टीमेट बढ़ता है तो अतिरिक्त बजट की रिकवरी संबंधित विभाग के अधिकारी से की जा सकती है। इसलिए समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने कोई लापरवाही न बरतें।
यह बात मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने विकास भवन में विभिन्न योजनाओं की जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जो कार्य कंपलीट हो चुके हैं उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को हस्तगत करा दें तांकि जनता को उनका लाभ मिल सके। मंडलायुक्त ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। पिछले सीजन में बरसात न होने की वजह से पेयजल तक के लिए इस मौसम में कठिनाई महसूस की जाने लगी है। ऐसे में पानी से जुड़े विभागों को पूरी तत्परता व संवेदनशीलता का परिचय देना होगा। उन्होंने कहा कि जल निगम रीबोर कराये गये हैंडपंपों की सूची तत्काल उपलब्ध कराये। नये हैंडपंप मानक के अनुसार किये गये सर्वे में चिन्हित स्थान पर ही लगायें। जल संस्थान से उन्होंने नलकूपों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट के गहनता वाले मोहल्लों और गांवों में पानी के टैंकर पहुंचाये जायें।
मंडलायुक्त ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाये तांकि बारिश में जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो सके। उन्होंने पलायन रोकने के लिए मनरेगा के तहत तालाब खुदाई व अन्य कार्य अनवरत रूप से चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न पेंशन योजना के पात्रों के आवेदन आॅन लाइन भरवाये जायें। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाये।
पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, सभी परगनों के उपजिलाधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





Leave a comment