0 पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने छाने चार गांव
0 भेंड़ में भी ग्राम उदय से भारत उदय को लेकर कार्यक्रम आयोजित
कोंच-उरई। भारत सरकार के निर्देश पर चल रहे ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम के तहत शनिवार को पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन की अगुवाई में ग्राम भगवंतपुरा, बाबुलपुरा, बुढावली व ईंगुई आदि गांवों में चैपालों का आयोजन किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि मोदीजी ने सबका साथ सबका विकास का नारा देकर अपना फोकस गांवों पर किया है। 2019 तक वंचित सभी 18 हजार गांवों को बिजली से आश्छादित कर दिया जायेगा, गरीबों की आमदनी दोगुनी होगी और भारत खुशहाली के तराने गायेगा। इधर, ग्राम भेंड़ में भी ग्राम प्रधान के संयोजकत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान मानसिंह कुशवाहा द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान प्रधान ने केन्द्र सरकार की उस सोच की मुक्त कंठ से प्रशंसा की जिसमें प्रधानमंत्री ने गांवों के विकास को देश के विकास की धुरी बताया।
पार्टी के जिले के पदाधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि जब तक केन्द्र और राज्य की सरकारें ग्रामीण विकास की परिकल्पना को केन्द्र में रख कर विकास योजनायें नहीं तैयार करेंगे तब तक विकास के सारे दावे थोथे हैं। देश की अस्सी फीसदी आबादी गांवों में रहती है और उसे नजरंदाज करके विकास के पहिये को आगे नहीं बढाया जा सकता है, यही निष्कर्ष है ग्राम उदय से भारत उदय का। इस दौरान अनिल उपरीम, राजेश पांडे, महेश पांडे, राकेश निरंजन, अरविंद बसोव, किशोरसिंह गुर्जर, पप्पू तिवारी, बंटी पांडे, रामपाल गुर्जर, रामबाबू वर्मा, अखिलेश वर्मा, जयप्रकाश राठौर आदि ने भी विचार व्यक्त किये। इधर, ग्राम भेंड़ में जूनियर हाईस्कूल में खुली बैठक का आयोजन हुआ जिसमें ग्राम प्रधान द्वारा केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित तमाम लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी। आयोजित कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि प्रताप कुशवाहा, शिरोमणि जाटव, दीनदयाल अहिरवार, रामस्वरूप जाटव, होरीलाल जाटव, लक्ष्मण कुशवाहा, मंगल जाटव, जयप्रकाश, महेन्द्र, संजय सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।






Leave a comment