vlcsnap-2016-04-25-19h48m36s109 vlcsnap-2016-04-25-19h44m50s182 vlcsnap-2016-04-25-19h45m32s91 vlcsnap-2016-04-25-19h47m42s122उरई। सूखे परिक्षेत्र में बेकार बहने वाला पानी सूखा को और बढ़ाता ही है। यही सोचकर जालौन के डांग खजूरी गांव की महिलाओं ने आर्टीजन वेल से बेकार बहने वाले पानी को नियंत्रित किया, जिसने अन्य लोगों को प्रेरणा देने का काम किया।

जनपद जालौन के कोंच तहसील में पहुज नदी क्षेत्र में बसा गांव डांग खजूरी भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत उबड़-खाब़ एवं ढालू है। यहां के खेत बहुत ही छोटे एवं ढालू होने से खेती बहुत फायदेमंद नहीं होती। यहां बसने वाले लोगों में 95 प्रतिशत लघु एवं सीमांत किसान हैं, जिनके लिए खेती ही आजीविका का एकमात्र विकल्प है और जो अपनी छोटी जोत के कारण निरंतर आर्थिक विपन्नता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यहां सिंचाई के बहुत से साधन नहीं हैं और जो हैं भी उनका समुचित प्रबंधन न होने के कारण बहुत उपयोगी नहीं हो पाता है। कुछ ऐसी ही परिस्थितियों से जूझती श्रीमती बिटोली देवी ने बेकार बह रहे पानी के संरक्षण की अनोखी तकनीक निकाली।

पानी संरक्षण की पृष्ठभूमि
1990-2000 के दशक में सरकार ने बुंदेलखंड संभाग में लोगों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निःशुल्क बोरिंग योजना चलाई। इसमें डांग खजूरी गांव परिक्षेत्र में 24 आर्टीजन वेल लगे। जिसके तहत 25 फीट लंबी व चार इंच चौड़ी पाइप को ज़मीन में बोरिंग करके डाल दिया गया, जिसके माध्यम से पानी ऊपर आने लगा। इसी दौरान हाईब्रिड बीजो का विस्तार भी हुआ। लोगों ने रबी खरीफ दोनों सीजन में फसलें उगानी प्रारम्भ की। अधिक उत्पादन की चाह में ज्यादा पानी चाहने वाली प्रजातियों की खेती भी की। इस योजना का मकसद लोगों को रबी सीजन में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक संपन्नता को बढ़ाना था और ऐसा हुआ भी। परंतु पानी का समुचित प्रबंधन न होने के कारण गांव को सूखे की चपेट में लाने का कारण भी यही आर्टीजन वेल बने। कारण कि इन पाइपों से निरंतर पानी अपनी पूरी गति से बहता रहता था। सिंचाई के समय तो ठीक, परंतु अन्य समय में पानी का बेकार बहाव स्थिति की भयावहता का निश्चित संकेत था जिसे लोग महसूस भी करने लगे थे।

समूह गठन एवं पानी संरक्षण की तकनीक

सूखे की वर्तमान परिस्थिति को झेलते और आगामी भयावह स्थिति की कल्पना कर रहे ग्रामीणों को झकझोरने का काम किया समर्पण जन कल्याण समिति ने। पानी की कमी से होने वाली समस्याओं एवं संरक्षण पर चलाये गये जागरुकता अभियान ने डांग खजूरी गांव के लोगों में नव चेतना जागृत की एवं पानी बचाने की मुहिम शुरू हुई। गांव की एक बैठक कर लोगों ने इस समस्या एवं समर्पण जन कल्याण समिति द्वारा चलाये गये अभियान की समीक्षा करने के दौरान बिटोली ने कहा कि हमारे गांव में 24 आर्टीजन वेल हैं, जिनसे निरंतर पानी बहता रहता है, क्या उनके संरक्षण की बात की जा सकती है, जिससे हमारा भविष्य सुरक्षित हो सके। सभी ने इस विचार पर सहमति व्यक्त की। तत्पश्चात् कार्यों को सुचारु रूप से गति प्रदान करने के लिए समूह का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व बिटोली देवी ने किया और शुरू हुआ पानी संरक्षण अभियान।

इस अभियान के तहत् गांव के किसान अपने साथ कुल्हाड़ी लेकर खेतों की ओर निकल पड़े। सर्वप्रथम इन्होंने पाइप की चौड़ाई से थोड़ा छोटा लकड़ी का खूंटा बनाकर आर्टीजन वेल के मुंह पर लगा दिया। इससे पानी पूरी तरह तो नहीं बंद बुआ, परंतु पानी की गति पर अंकुश लग गया। अब पानी रिसकर बहुत न्यून मात्रा में ही बर्बाद होता है। खूंटे से मुंह बंद करने के पीछे की सोच यह भी थी कि जब सिंचाई की आवश्यकता हो, तो पाइप में से खूंटे को निकाल कर पूरा पानी प्राप्त किया जा सकता है। 24 आर्टीजन वेल को बंद करने में कुल 3 दिन का समय लगा। वह भी इसलिए कि लकड़ी काटना और फिर उसे खूंटे के आकार में बदलने में अधिक समय लगा।

Leave a comment