0 खाकी की ढीली पकड़ के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद
0 चारों बदमाशों के पकड़े जाने से फिलहाल बची पुलिस की नाक
उरई। जिला मुख्यालय के नजदीक हाइवे पर वारदात के लिए पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस के टोकने पर अंधाधुध फायर झोंकने शुरू कर दिये। बदमाशों के दुस्साहस से हतप्रभ पुलिस टीम के पहले तो होश उड़ गये। लेकिन इसके बाद उसने मुकाबले की दम साधी। मुठभेड़ में पुलिस के पास पर्याप्त और बेहतर आम्र्स एम्यूनेशन के कारण बदमाशों को हार माननी पड़ी। गिरफ्तार बदमाशों का लंबा-चैड़ा आपराधिक इतिहास है।
हाल की सनसनीखेज घटनाओं की वजह से बदमाशों का हौसला काफी बुलंद हो चुका है। रात में हुई वारदात को इसकी बानगी समझा जा सकता है। बदमाश जिला मुख्यालय के नजदीक सरेशाम हाइवे पर धावा बोलने के इरादें में थे। वे दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर रिनियां फाटक की ओर से हाइवे पर चढ़ने लगे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना की वजह से पहले से उन्हें दबोचने के लिए तैयार खड़ी पुलिस पर उनकी नजर पड़ी। लेकिन पुलिस को देखकर भी वे बेखौफ रहे। उन्होंने पुलिस से कतराकर पीछे भागने की कोशिश करने की बजाय उसके साथ दो-दो हाथ करने के इरादे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को बदमाशों के इस दुस्साहस का अंदाजा नही था। इसलिए पहले तो पुलिस टीम जान बचाने के लिए तितर-बितर होकर रोड किनारे सुरक्षित ठिकाने तलाशने के लिए दौड़ी। लेकिन इसके बाद बदमाशों के सफल होने पर अगले दिन बड़ी खबर बन जाने के डर ने पुलिस को चैकन्ना कर दिया। जिससे पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। कुछ देर में पुलिस की पूरी टीम ने संगठित होकर योजनाबद्ध तरीके से बदमाशों पर फायरिंग शुरू की तो बदमाशों की कंपकंपी छूट गई और उन्होंने फायरिंग बंद करके हाथ उठाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
कोतवाली लाकर उनसे पूंछतांछ की गई। स्वयं पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार भी कोतवाली पहुंच गयेे। चारों बदमाश शातिर अपराधी निकले। पुलिस कार्यालय में आज आयोजित पत्रकारवार्ता में एसपी ने बदमाशों के नामों का खुलासा किया। इनमें शिवकुमार उर्फ भूरे साहू निवासी तोपखाना जालौन, दिलीप राजपूत निवासी जौराखेरा थाना आटा, दीपक अहिरवार निवासी कुसमिलिया थाना डकोर और सुरेश राजपूत निवासी ग्राम ददरी थाना डकोर शामिल हैं। इनके कब्जे से चार 315 बोर के तमंचे और 8 जिंदा कारतूस व 4 खोखा बरामद किये गये हैं। इनकी मोटर साइकिलें भी चोरी की निकली। पुलिस इनके असली मालिकों का पता लगा रही है। इनमें दीपक अहिरवार के खिलाफ कोतवाली क्षेत्र में ही एक हत्या तक करने का मुकदमा है। शिवकुमार उर्फ भूरे के खिलाफ सात, दीपक अहिरवार के खिलाफ नौ, सुरेश राजपूत के खिलाफ तीन और दिलीप राजपूत के खिलाफ दो अभियोग पंजीबद्ध हैं।






Leave a comment