कालपी-उरई। पुलिस ने गैर प्रांत से लाई गई लाखों रुपये की अवैध शराब बरामद की है। हालांकि यह गुडवर्क अंधे के हाथ बटेर लगने की तर्ज पर अचानक हुआ। लेकिन इतनी बड़ी उपलब्धि ने प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर से लेकर उनके सभी सहयोगियों तक को निहाल कर दिया है। सूचना मिलने पर एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उन्हें फोन करके शाबासी दी है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर ने बताया कि सोमवार की रात वे बरही बंबे पर गश्त कर रहे थे तभी उन्हें एक संदिग्ध ट्रक नजर आया। उन्होंने अपनी जीप से उतरकर ट्रक का बारीकी से मुआयना किया। ट्रक में आगे यूपी 78 सीएन 5312 और पीछे यूपी 78 ओएन 8856 नंबर लिखा था। इस गड़बड़ी से उनका माथा और ठनका। उन्होंने ट्रक के भीतर झांक कर देखा तो शराब की पेटियां लदी देखकर वे भौचक रह गये। इसके बाद और फोर्स बुलवाकर उन्होंने सारी पेटियां उतरवाईं। सात सौ पेटियां गिनी गई जिनमें पंजाब स्पेशल ब्रांड के 38800 क्वार्टर भरे थे। शराब की कीमत 38 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। ट्रक ड्राइवर आजमगढ़ निवासी साजिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।





Leave a comment