उरई। सार्वजनिक हैंडपंपों पर बढ़ते जा रहे निजी कब्जो को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित करने के अभियान के बाद जिला प्रशासन की नींद आखिर टूटी। माधौगढ़ में हैंडपंप को निजी जागीर बनाने वाले दबंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए बीडीओ ने थाने में एफआईआर दे दी है।
पेयजल संकट से लोगों को बचाने के लिए सार्वजनिक हैंडपंप लगवाने की मुहिम दबंगों द्वारा इन पर कब्जा करके निजी समर्सिवल लगवाने की वजह से अपनी किस्मत पर रो रही है। कई गांवों में मानक से अधिक हैंडपंप होते हुए भी कमजोर वर्ग के लोग पानी भरने के लिए भारी मशक्कत करने को मजबूर हैं। अधिकारियों से कई बार सरकार के साथ हो रहे इस रेप की शिकायत की गई लेकिन चूंकि किसी सफेदपोश को इसमें परेशानी नही उठानी पड़ रही थी जिसकी वजह से गरीब जनता को कीड़े-मकोड़े के भाव का समझने वाले सरकारी तंत्र ने इन शिकायतों पर कोई हरकत नही दिखाई।
लेकिन हाल में हमने समाचारों के अभियान के माध्यम से सरकारी तंत्र को लगातार झकझोरा जिसका नतीजा है कि पहली बार इस मामले में किसी शिकायत को जिला प्रशासन ने संज्ञान में लिया है। माधौगढ़ ब्लाॅक के महाराजपुरा गांव में अवतार सिंह ने एक सरकारी हैंडपंप को बाप की जायदाद मानकर उस पर समर्सिवल लगवा दिया था। उनके अलावा मोहल्ले के किसी अन्य परिवार को इस हैंडपंप से पानी नही भरने दिया जा रहा था। जहां आपदा के इस दौर में जगह-जगह लोग अपने निजी जल संसाधनों को दूसरों के लिए खोलने की उदारता दिखा रहे हैं। वहीं अवतार सिंह को अवतारी पुरुष होने के नाते शायद किसी मानवीय कमजोरी का प्रदर्शन करने में शर्म आ रही थी। गांव वालों की शिकायत पर समाचारीय अभियान की पृष्ठभूमि के कारण डीएम संदीप कौर ने इस मामले में व्यक्तिगत रूप से माधौगढ़ के बीडीओ को कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा। नतीजा यह हुआ कि अन्य शिकायतों की तरह यह शिकायत लाल फीताशाही की भूल-भुलैया में गुम होने की बजाय अपनी तार्किक परिणति तक पहुंची। बीडीओ ने न केवल अवतार सिंह के हैंडपंप पर अवैध कब्जे को सत्यापित किया बल्कि उसके खिलाफ सरकारी संपत्ति पर दबंगई के बल पर कब्जा करने और लोगों को पानी जैसी जीवन की मूलभूत जरूरत पूरी करने से रोकने का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। एक गिद्ध मारकर टांग देने की तर्ज पर इस कार्रवाई से न केवल माधौगढ़ क्षेत्र बल्कि पूरे जिले में हैंडपंपों पर अवैध कब्जों का पुरुषार्थ दिखाने वालों की हवा निकल गई है।





Leave a comment