0 बसपा की बैठक में अति पिछड़े कार्यकर्ता पहली बार हुए पूरी बेबाकी से मुखरित
26orai09उरई। माधौगढ़ विधायक संतराम कुशवाहा के आवास पर नव नियुक्त बुंदेलखंड प्रभारी अशोक बौद्ध की उपस्थिति में हुई बहुजन समाज पार्टी की बैठक में पाल समाज के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करके पार्टी नेतृत्व के लिए धर्मसंकट खड़ा कर दिया। पाल समाज के साथ कुशवाहा समाज व अन्य अति पिछड़ी जातियों के कार्यकर्ताओं ने भी जिले में पार्टी के सवर्ण मोह पर उंगलियां उठाई और कहा कि इसके कारण बहुजन माॅडल के सबसे मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस जिले में पार्टी की नीव खोखली हुई है। जिस पर नेतृत्व को विचार करना चाहिए। पार्टी के दूरगामी हितों के लिए यह जरूरी है। अति पिछड़े कार्यकर्ताओं की दलील के आगें अशोक बौद्ध को कुछ बोलते नही बना। उन्हें सफाई देते हुए कई बार गले में थूंक गुटकना पड़ा।
शुरूआत कालपी विधानसभा क्षेत्र में पाल जाति के दो घोषित प्रत्याशियों को बदले जाने की प्रतिक्रिया में हुई। पाल जाति के कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके समाज में वैसे भी औसतन गरीबी का माहौल है। कुछ लोगों ने अपनी मेहनत से थोड़ी बहुत पूंजी जुटाकर समाज में मजबूत मुकाम बनाया तो बहुजन समाज पार्टी को अपना ठिकाना मानकर वे इसकी सेवा में जुट पड़े। कौम के दो ऐसे नेताओं ने कालपी प्रभारी के रूप में पार्टी की सेवा करके अपना पूरा व्यापार चैपट कर लिया लेकिन पार्टी ने आखिरी समय उनका टिकिट काट दिया। इससे ज्यादा बुरी बात यह है कि पार्टी सवर्ण मोह के कारण अपने स्वाभाविक समर्थकों को किनारे करती जा रही है। जबकि जिन लोगों के इशारे पर ऐसा हो रहा है वे लोग पार्टी के शुभचिंतक नही हैं बल्कि पार्टी से अपनी किसी बात की दुश्मनी निकाल रहे हैं। पाल समाज के कार्यकर्ताओं की इस भड़ास पर कुशवाहा और अन्य समाज के कार्यकर्ता भी मचल उठे। अशोक बौद्ध को इस माहौल को संभालने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बाद मंे अशोक बौद्ध ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक पोलिंग बूथ पर जाकर वोट बनवाएं। बूथ कमेटी का गठन पूरा कर लिया जाए। महापुरुषों के सपनों को साकार करना है तो प्रदेश की सत्ता पर काबिज होना जरूरी है जिससे गरीबों, मजदूरों, किसानों का हित हो सके और विकास को गति प्रदान हो सके। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है। व्यापारियों का कारोबार सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में भाजपा सांप्रदायिक माहौल बना रही है। बुंदेलखंड प्रभारी नौशाद अली ने कहा कि अब लोग प्रदेश की सरकार से उकता चुके हैं इसलिए जरूरी है कि पदाधिकारी, कार्यकर्ता मिलकर काम करें। जिससे सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर प्रदेश में बसपा की सरकार का गठन हो सके और इस आततायी सरकार से निजात मिल सके। इस मौके पर बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम, बृजेश जाटव, जोनल कोआर्डिनेटर बीके गौतम, मुकेश अहिरवार, संजय गौतम, सचिन पलरा, अकबर अली, चैनसुख भारती, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि, महासचिव उदयवीर सिह दोहरे, रवींद्र राजावत, रामकुमार गुप्ता, अलताफ खान, बृजेश प्रजापति, ज्ञानसिह खंगार, रामदुलारे कुशवाहा, मूलशरण कुशवाहा, श्रीपाल, जगजीवनराम, मनीष आनंद और मोहन सिंह गौतम समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a comment