उरई। राठ रोड पर जेसीबी मशीन लेकर सिटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जिससे खलबली मच गई। इस दौरान घंटाघर से मौनी मंदिर तक नाली के पार के अतिक्रमण को पूरी तरह से साफ करा दिया गया।
जिला और पुलिस प्रशासन ने कुछ दिन पहले सुचारू यातायात के लिए जिले के सभी शहरों में प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के इरादे का ऐलान किया था। इस मामले में व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों का समर्थन प्राप्त करने के लिए पहले उनके साथ बैठक भी की गई और उनके सुझाव व समस्यायें दर्ज किये गये। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों को यह मुगालता था कि प्रशासन की कसरत दिखावटी है। चुनावी वर्ष होने की वजह से वास्तविकता में अतिक्रमण हटाओं अभियान को शायद ही चलाया जाये।
लेकिन आज सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप सक्सेना नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार के साथ पूरा लाव-लश्कर लेकर राठ रोड पर आ धमके तो अतिक्रमणकारियों के होश उड़ गये। जेसीबी मशीन ने नाली के बाहर बने दुकानों के चबूतरे खोदने शुरू कर दिये। टट्र और खंभे पर लगे टीनशेड भी तोड़ डाले गये। जिन दुकानदारों ने शटर डालकर भाग जाने की चालाकी दिखाई उनका सामान सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैक्टरों मे लदवा दिया। अभियान शुरू होने के कुछ देर बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण के दायरे में आने वाले अपने सामान को हटा दिया। बेवाकी के कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रथम चरण में बिना प्रतिरोध के राठ रोड पर पूरा हो गया। इससे राठ रोड खाली-खाली सा नजर आने लगा। रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों ने अतिक्रमण हटने से काफी सुकून महसूस किया।





Leave a comment