27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce1उरई। पानी के संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन हर तरह से कवायद कर रहा है। गांवों में पेयजल की किल्लत को दूर करने के लिए नये सिरे से कार्ययोजना तैयार की गयी है। जिसके तहत हर ग्राम पंचायत में दो तालाब गहरे कराये जायेंगे और कुओं का सुदृढ़ीकरण होगा। इसके साथ ही हर ब्लाक के पांच गांवों में कुओं में समर्सिबल डालकर उससे पानी की आपूर्ति दी जायेगी। यह व्यवस्था वहीं की जायेगी जिन गांवों में पानी का संकट अधिक है। जिलाधिकारी संदीप कौर ने कार्ययोजना को अमली जामा पहनाने के लिए सीडीओ को निर्देश दिये हैं।
जिले के गांवों में पानी की भीषण समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने पहले ही हर संभव प्रयास करने की पहल शुरू कर दी थी। अब योजना बनाई गयी है कि हर ग्राम पंचायत के दो तालाबों को गहरा कराया जाये और पुराने कुओं की साफ सफाई कर उनका सुदृढ़ीकरण हो ताकि लोगों को परंपरागत जल स्त्रोतों से पानी मिल सके। इसकी कार्ययोजना भी बन चुकी है। इसके साथ ही प्रत्येक विकास खंड के पांच उन गांवों में जहां कि पानी का संकट अधिक है वहां पर कुओं में समर्सिबल डालकर पाइप लाइन बिछाई जायेगी और कुछ स्थानों पर स्टैंड पोस्ट बनाये जायेंगे ताकि लोगों को सुविधा जनक ढंग से पानी मिल सके। जिलाधिकारी संदीप कौर ने सीडीओ एसपी सिंह से कहा है कि जल्दी ही कार्ययोजना को अमली रूप दिया जाये ताकि पानी के संकट से निपटा जा सके।

Leave a comment