उरई। जिलाधिकारी संदीप कौर ने बुधवार को तहसील का औचक निरीक्षण कर अभिलेख देखे। उन्होंने कहा कि तहसील में किसी तरह की खामी नहीं रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखीं जायें। अगर किसी तरह की कमी पाई जायेगी तो कड़ी कार्रवाई होगी। जो लोग तहसील में काम से आते हैं उनका कार्य प्राथमिकता से किया जाये। ताकि किसी प्रकार की शिकायत का मौका न मिले।
डीएम बुधवार को सुबह तहसील पहुंची और नजारत में सभी अभिलेख देखे। तहसील कार्यालय का भ्रमण करने के बाद सभागार में सभी कर्मचारियों को बुलाकर साफ शब्दों ने कहा कि तहसील का यह पहला निरीक्षण है। यहां पर जो भी अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं उनको दूर करा लें। किसी तरह की कमी नहीं मिलनी चाहिए। खसरा खतौनी के लिए आने वाले किसानों को तय समय पर ही खतौनी दी जाये। छात्र छात्राएं आय निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आते हैं उन्हें परेशान न किया जाये। दूसरी बार निरीक्षण में किसी तरह की कमी मिली तो कठोर कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। डीएम ने एसडीएम से कहा कि लेखपालों से कहकर तालाबों का अतिक्रमण चिंहित करा लें। अगर किसी तालाब पर अतिक्रमण मिलता है तो उसे शीघ्रता से हटा दिया जाये। इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार सिंह, तहसीलदार दुर्गेश यादव सहित तहसील का पूरा स्टाप उपस्थित रहा।







Leave a comment