0 यूपी की सपा सरकार पर भी हमला बोला कांग्रेस उपाध्यक्ष ने
कोंच-उरई। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर जबर्दस्त हमला बोलते हुये कहा है कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल है, सत्ता हथियाने के लिये जनता से जो वायदे किये गये थे वे दो वर्ष में भी पूरे नहीं हो सके हैं। मंहगाई चरम पर है, केन्द्र सरकार के पास मंहगाई को नियंत्रित करने के लिये सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना अब तक नहीं बन सकी है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को मोदी सरकार अकारण ही ऑगस्ता मामले में घसीट कर अपनी ओछी राजनीतिक मानसिकता का परिचय दे रही है। यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आये कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष चतुर्वेदी ने प्रदेश सरकार पर भी हमलावर होते हुये कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी ध्वस्त हो चुकी है, विकास का एजेंडा कपोल कल्पित है जिसकी खुली गवाह इस जिले की ही सड़कें हैं। जनपद जालौन में खनन माफियाओं ने प्राकृतिक संपदा का बुरी तरह दोहन कर यहां की नदियां खोखली कर दी हैं। गिरता भूगर्भ जल स्तर इसी का दुष्परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी कांग्रेस और जून तक दो सौ सीटों पर प्रत्याशियों के चयन का काम पूरा कर लिया जायेगा।






Leave a comment