उरई। पालीटेक्निक की प्रवेश परीक्षा जिला मुख्यालय पर पांच केन्द्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित कराई गयी। जिसके लिये जनपद स्तर पर 1838 परीक्षार्थी पंजीकृत थे लेकिन 250 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिये नहीं आ सके।
पालीटेक्निक की प्रवेश परीक्षा रविवार को गहमागहमी के माहौल में राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, सनातन धर्म इंटर कालेज, गांधी इंटर कालेज और आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कालेज में बनाये गये परीक्षा केन्द्रों में सम्पन्न करायी गयी। जीआईसी में 444 छात्रों को परीक्षा देनी थी लेकिन 56 छात्र अनुपस्थित हो गये। जीजीआईसी परीक्षा केन्द्र पर 400 में से 52 परीक्षार्थी नदारद रहे। सनातन धर्म इंटर कालेज परीक्षा केन्द्र पर 400 में से 43, गांधी में 400 में से 51 और आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कालेज परीक्षा केन्द्र पर 388 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 48 परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्नीलाल वर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं कोई अनुचित गतिविधि प्रकाश में नहीं आयी। परीक्षा पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा व्यवस्था के लिये एक दरोगा और चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गयी।







Leave a comment