
उरई। औरैया जिले के विधूना एसडीएम कार्यालय में गुस्साई भीड़ ने एसडीएम के अर्दली और होमगार्ड पर हमला बोल
दिया। भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई की। होमगार्ड की रायफल भी भीड़ ने छीन ली। इस सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विधूना तहसील क्षेत्र के गांव लहटुहिया के प्रधान मुकेश गांव के लगभग एक सैकड़ा लोगों को साथ लेकर कोटेदार के खिलाफ शिकायत करने एसडीएम मदन चंद्र दुबे के पास आये थे। उनकी शिकायत को एसडीएम ने कोई भाव नही दिया। जिसके कारण ग्रामीणों से उनकी कहासुनी हो गई। नाराज एसडीएम ने प्रधान और ग्रामीणों को अपने कार्यालय से बाहर कर दिया।
ग्रामीणों ने इसके बाद उनके कार्यालय के बाहर उनके खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिये। इस पर एसडीएम ने अर्दली और होमगार्ड को उन्हें खदेड़ने के लिए भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गरमा-गरमी में अर्दली और होमगार्ड ने ग्रामीणों के साथ झूमा-झटकी की और हाथ भी चला दिये। इसके बाद ग्रामीण भड़क गये और उन्होंने दोनों को दबोचकर अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया। घटना में होमगार्ड गजेंद्र की हालत गंभीर हो गई है। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। इसी बीच एसडीएम के फोन पर भारी-भरकम फोर्स तहसील में आ गया जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने इस दौरान आठ ग्रामीणों को पकड़ लिया। मुकदमा दर्ज उन्हें जेल भेजा जा रहा है।







Leave a comment