उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में रास्ते से गुुजर रही मेटाडोर से झूलती विद्युत लाइन छू जाने के कारण हुए हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों में एक लड़की की स्थिति ज्यादा गंभीर है जिसका विवाह 24 मई को होना है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल काॅलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
सामान भरकर कुठौंद से माधौगढ़ जा रही मेटाडोर यूपी 86 टी 4485 में कुछ सवारियां भी बैठी थीं। इस मेटाडोर में रामपुरा किरवाहा के पास लूज विद्युत लाइन छू गई जिससे तेज करंट का संचार होने के कारण 17 वर्षीय सुलेखा, उमेश (25वर्ष), मीना (16वर्ष), जितेंद्र (6वर्ष), ईशा (7वर्ष), वंदना (8वर्ष), वीरेंद्र (35वर्ष) निवासीगण बंगरा और अनीता (28वर्ष) पत्नी दीपक निवासी सिंगटौली गंभीर रूप से झुलस गये। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। स्थिति गंभीर होने की वजह से सुलेखा पहले जिला अस्पताल भेजी गई इसके बाद मेडिकल काॅलेज झांसी के लिए रेफर कर दी गई। सुलेखा की 24 मई को शादी प्रस्तावित है।
हादसे के बाद गुस्साये लोगों ने प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। खबर पाकर एसआई रामकुमार सिंह, सोबरन सिंह यादव और मनोज कुमार सैनी भारी पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। इसी बीच उप जिलाधिकारी माधौगढ़ प्रेमचंद यादव भी पहुंच गये। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के लिए काफी देर तक मशक्कत की तब कहीं जाकर जाम खुल सका।







Leave a comment