उरई। वर्षों से भूमिगत् इनामी अपराधियों को खोजकर गिरफ्तार करने के अभियान में जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली। 10 वर्षों से फरार 10 हजार रुपये के इनामी गिरोहबंद बदमाश राकेश कोरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसका ऐलान पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उरई के मोहल्ला रामनगर का निवासी राकेश कई वर्ष पहले ईदगाह के पीछे साथियों के साथ भूपेंद्र की हत्या कर दो दुनाली बंदूकें लूट ले गया था। इसके बाद पुलिस गिरफ्तारी के लिए पीछे पड़ गई। डीआईजी झांसी ने राकेश की जिंदा या मुर्दा गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस से बचने के लिए राकेश नाम और भेष बदलकर औरैया में रहने लगा। वह कई वर्ष से ट्रक चलाकर गुजारा कर रहा था।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने लंबे समय से फरार अपराधियों की फेहरिस्त तैयार कराकर उन्हें पकड़ने के लिए उनके रिश्तेदारों पर दबाव बनाने की रणनीति को अंजाम दिया। इससे कई भूमिगत् अपराधियों के वर्तमान ठिकाने का खुलासा हुआ है। इसी में राकेश के ठिकाने का पता पुलिस के हाथ लगा। हालांकि पुलिस अधीक्षक के अनुसार राकेश उरई रेलवे स्टेशन पर उस समय पकड़ा गया जब वह कहीं बाहर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद करने का दावा उन्होंने किया है।






Leave a comment