0 कुल ढाई दर्जन शिकायतों में सर्वाधिक पानी-बिजली बाले विभागों की
कोंच-उरई। कोंच में तहसील स्तरीय तहसील दिवस का आयोजन एडीएम आनंद कुमार और एएसपी शकील अहमद की मौजूदगी में हुआ जिसमें कुल जमा 31 शिकायतें आईं जिनमें मौके पर किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका। खास बात यह रही कि एसडीएम आज के तहसील दिवस से नदारत रहे। इस दौरान एडीएम आनंद कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक बार फिर आगाह करते हुये पेंडेंसी पर गहरी नाराजगी जताई, कहा कि कई बार कहने के बाबजूद अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं और अभी भी यहां विभिन्न विभागों की 44 समस्यायें पिछले तहसील दिवसों की लंबित पड़ी हैं। इस स्थिति को अगर सुधारा नहीं गया तो उनके सामने संबंधित अधिकारियों की शिकायत शासन को भेजने के अलावा और कोई विकल्प नहीं होगा।
एडीएम आनंदकुमार ने यह भी जोड़ा कि जो समस्यायें आईं हैं समाधान एक सप्ताह के भीतर करना है और उसे ऑनलाइन अपलोड करना है। तहसील दिवस में पानी और बिजली को लेकर आईं सर्वाधिक शिकायतों को लेकर उन्होंने दोनों विभागों को सख्त ताकीद की है कि गर्मी का मौसम है और जल संकट से लोग जूझ रहे हैं इसलिये इन विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निदान करना है, लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद ने भी पुलिस महकमे के लोगों के पेंच कसे। तहसील दिवस में अशरफखां पुत्र नजीरखां बरहल ने शिकायत की कि वह गरीब है लेकिन उसे लोहिया आवास नहीं मिला है जबकि पक्के मकान बालों को दिये गये हैं। इस दौरान सीओ अवधेशकुमार शुक्ल, तहसीलदार भूपाल सिंह, वन क्षेत्राधिकारी वीके सिंह, बीडीओ कोंच बब्बनराय, बीडीओ नदीगांव गणेशप्रसाद, कोतवाली से दरोगा जयवीर सिंह, कैलिया एसओ प्रमोदकुमार, नदीगांव एसओ मिथलेश, एट थाने से दरोगा घनश्याम, थाना कोटरा से दरोगा जितेन्द्रसिंह, सेनेट्री इंसपेक्टर नपा अभयसिंह, जल संस्थान के जेई एससी सचान, जेई हाइडिल वीपी शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी अजितकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a comment