उरई। आर्थिक तंगी से परेशान एक और किसान ने फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली। कालपी कोतवाली क्षेत्र के यमुना पटटी के मगरौल गांव में दलित किसान विजय सिंह अहिरवार (45वर्ष) ने बुधवार को खेत पर जाकर चादर से गले में फांसी कस ली और बबूल के पेड़ पर लटक गया। बाद में वहां से गुजरे ग्रामीणों ने यह नजारा देखा तो परिजनों को खबर की गई। रोते कलपते परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि विजय अहिरवार के पास जीविका के साधन के नाम पर डेढ़ बीघा जमीन थी जबकि दो लड़के व चार लडकियों की परवरिश का बोझा उसके जिम्मे था। वह मजदूरी करके और बलकट पर और खेती लेकर किसी तरह गुजारा चलाता था। लेकिन मगरौल में गरीबों के सामने भुखमरी जैसे हालात होते हुए भी मनरेगा के तहत रोजगार देने का प्रयास नही हो रहा। दूसरी ओर नगद देकर उसने जो खेती ली थी उसमें भी नाम मात्र की उपज मिलने से वह बेहद परेशान था। इसी के चलते उसने अपनी इहलीला खत्म करने का कदम उठा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन को भी इसकी सूचना दे दी गई थी। लेकिन लेखपाल तक मौके पर सर्वे करने नही आया।






Leave a comment