कोंच-उरई। कस्बे के एक व्यापारी अटल अग्रवाल ने इलाहाबाद बैंक के डीजीएम एवं जीएम को ऑन लाइन शिकायत भेज कर इलाहाबाद बैंक मुख्य शाखा पर कई गंभीर सवाल उठाये हैं। उन्होंने बैंक शाखा में वातानुकूलन व्यवस्था नहीं होने का हवाला देते हुये कहा है कि यहां एसी नहीं चलने के कारण ग्राहकों का दम घुटता है और वहां शाखा के भीतर पांच मिनट खड़े रहना भी अत्यंत ही दुष्कर है। इस बाबत उन्होंने यह भी बताया कि विगत वर्षों में गांव से आये एक ग्राहक की दम घुटने के कारण बैंक शाखा में ही मौत हो गई थी लेकिन इसके बाद भी बैंक प्रशासन नहीं चेता है और वही स्थिति अब भी बरकरार है। उन्होंने अंदेशा जताया कि अगर वातानुकूलन व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती है तो भविष्य में उसी तरह की घटना की पुनरावृत्ति से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा बैंक शाखा के टायलेट में ताले पड़े रहने से भी ग्राहकों को भारी दिक्कतें पेश आती हैं।






Leave a comment