कोंच-उरई। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनगिनत छेद होने और विभाग द्वारा इन्हें भरने के प्रयास नहीं करने के खामियाजे उपभोक्ताओं को झेलने के लिये मजबूर होना पड़ रहा है। कभी राशन सामग्री नहीं देने तो कभी कोटेदारों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दबंगई से पेश आने या घटतौली की आम शिकायतों के बीच अधिकारी भरोसे चाहे जितने देते हों लेकिन सही बात तो यह है कि इन अव्यवस्थाओं और विभाग की दुरभि संधि के पाटों के बीच पिसता गरीब ही है। आज ही विकास खंड नदीगांव के ग्राम बरहल निवासी चंद्रशेखर पुत्र मनमोहन कोरी ने एसडीएम मोइन उल इस्लाम को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि कोटेदार हबीबखां के यहां 17 सितंबर को खाद्य सामग्री लेने गया तो उसने 15 किलोग्राम चावल तौल कर दिये। उसे मात्रा को लेकर कुछ शक हुआ और उसने कांटे पर रख कर जब तौल की तो चावलों की तौल 13 किलोग्राम निकली। शिकायत करने पर कोटेदार और उसके पुत्र अफजल ने उसके साथ गाली गलौच करते हुये जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया। इसकी सूचना हालांकि कैलिया थाने को भी दी गई थी।







Leave a comment