0 राहुल ने कहा कि किसान दें साथ तो कर्ज माफी के लिए मजबूर कर देंगे मोदी को
0 कर्ज माफी में भाजपा के साथ सपा, बसपा ने भी लगाया था अड़ंगा
0 भाजपा को रोकने की क्षमता कांग्रेस के अलावा किसी में नही
20orai01उरई। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को लगातार तीसरे दिन जिले में सभाएं की। हमीरपुर से जालौन जिले की सीमा में प्रवेश करने के बाद पहले उन्होंने कदौरा और जोल्हूपुर मोड़ पर लोगों को संबोधित किया। इसके बाद कालपी कस्बे में दो किलोमीटर का रोड-शो निकाला। कालपी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की उमाकांति सिंह विधायक हैं। अल्पसंख्यक बाहुल्य जुलहटी इलाके में लोगों ने छत से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दूसरे राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी चुनाव के नजदीक दंगा करा सकती है। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को रोकने की क्षमता कांग्रेस के अलावा किसी दूसरी पार्टी में नहीं है। इसलिए यूपी के मतदाताओं को विधानसभा चुनाव में विवेक से काम लेना होगा।
राहुल गांधी ने कहा कि 2008 में किसानों की कर्जामाफी का फैसला जब उनकी सरकार ने लिया तो भाजपा से लेकर सपा, बसपा तक सभी पार्टियों ने उन्हें चेताया कि किसानों की आदत खराब करने वाला यह कदम न उठायें। अधिकारी भी कर्ज माफी के पक्ष में नही थे। लेकिन किसानों को बचाने के लिए हमने 70 हजार करोड़ का कर्जा माफ कर ही दिया। उन्होंने कहा कि वे विश्वास दिलाना चाहते हैं कि अगर यूपी के किसान उनकी यात्रा के पीछे खड़े हो जाये तो वे मोदी को कर्जा माफी के लिए मजबूर कर देंगे। मोदी केवल एक दर्जन बड़े उद्योगपतियों के फायदे के लिए एक लाख दस हजार करोड़ का कर्जा माफ कर सकते हैं तो करोड़ों किसानों का वे कैसे माफ नही करेगें।
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास कैसे हो सकता है। जब आपने हाथी को वोट दिया तो सड़क, स्वास्थ्य, बिजली आदि सुविधाओं का पैसा हाथी की मालकिन खा गईं। इसके बाद आपने साइकिल को अजमाया तो परिवार खनन की रेवन्यू से लेकर विकास का सारा बजट तक खुद हथिया लेने में जुट गया। उत्तर प्रदेश का विकास करना है तो एक आदमी या एक परिवार के लिए काम करने वाली सरकार की बजाय सबके लिए काम करने वाली सरकार चुननी होगी।
पुलिस को टोककर लोगों का दिल जीता
राहुल गांधी ने कालपी के अपने कार्यक्रम में उनके नजदीक बढ़ रही भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को टोककर लोगों का दिल जीतने का टोटका बार-बार आजमाया जो कारगर दिखा। जोल्हूपुर मोड़ पर पुलिस ने भीड़ को उनके रथ से कुछ दूर पहले आगे बढ़ने से रोक रखा था। लेकिन राहुल ने पुलिस से कहा कि लोगों को मेरे पास आने दीजिए जिससे वे उनकी बात सुन सकें। इसके बाद पुलिस पीछे हट गई और दौड़ती हुई भीड़ उनके नजदीक पहुंच गई। यही नुस्खा उन्होंने कालपी कस्बे के अंदर खोवा मंडी में इस्तेमाल किया। उन्होंने पुलिस से कहा कि आप लोगों को धकेलना जरा बंद करें। इससे भीड़ में भारी जोश नजर आया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को रिझाया
राहुल गांधी ने कालपी में प्रवेश के पहले जोल्हूपुर मोड़ पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के द्वारा बनाये गये स्वागत मंच के सामने अपना रथ रोककर उनसे ज्ञापन लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि इंदिरा गांधी ने आंगनवाड़ी योजना की शुरुआत की थी। बाद की कांग्रेसी सरकारों ने आपका वेतन बढ़ाया। लेकिन आज उत्तर प्रदेश भर में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को वेतन बढ़वाने के लिए लंबा आंदोलन करना पड़ रहा है फिर भी मोदी सरकार कोई गौर नही कर रही। अखिलेश सरकार ने भी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को हरी साड़ी पहनाकर अपनी जिम्मेदारी से छुटटी पा ली है। उन्होंने कहा कि वे अब आपसे वायदा करते है कि अपनी यात्रा पूरी करके जैसे ही वे दिल्ली में पहुंचेंगे संसद सत्र में सबसे पहले आपकी वेतन वृद्धि का प्रस्ताव रखेंगे। इसके पहले उमस में उनका इंतजार करती प्यास से बेहाल लगभग आधा दर्जन कार्यकत्रियां बेहोश हो गईं जिन्हें एबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

Leave a comment