0 महिला की चोरी गई गाय कट गई लेकिन पुलिस ने उसे टरकाया, नहीं लिखी रिपोर्ट
कोंच-उरई। कोंच पुलिस एक तरह से बारूद के ढेर पर बैठी है लेकिन बड़े बड़े और गंभीर मसलों को हल्के में लेकर जिस तरह से बड़े अपराधों को जन्म दिया जा रहा है वह स्थिति काफी भयावह है। गुजरी 5 सितंबर को गोखलेनगर निवासी एक महिला ज्ञानकुंवर कुशवाहा की गाय चोरी गई थी और मौके पर एक गाय चोर पकड़ा भी गया था लेकिन पुलिस ने उसे नीलाम करके महिला को बिना रिपोर्ट लिखे चलता कर दिया। नतीजतन, उसकी गाय कसाईबाड़े तक पहुंच कर कट भी गई। महिला आज भी कोतवाली के चक्कर लगा रही है।
गोखलेनगर कोंच की रहने बाली महिला ज्ञानकुंवर पत्नी पानसिंह कुशवाहा ने बताया है कि गुजरी 5 सितंबर की रात लगभग बारह बजे सरस्वती ज्ञान मंदिर गांधीनगर धनुताल के पास तीन व्यक्ति गायों की चोरी करते हुये देखे गये थे जिसमें एक व्यक्ति मौके पर जनता के लोगों द्वारा पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिस की पूछताछ में उसने स्वीकार भी किया था कि वे लोग गायें चुराने का काम करते हैं। पकड़े गये चोर ने उस व्यक्ति का नाम भी बताया जिसे यह चोरी की गईं गायें सप्लाई की जाती थी। फोन करके उसे बुलाने का भी प्रयास किया गया लेकिन वह शायद समझ गया था कि मामला पुलिस तक पहुंच गया है सो वह नहीं आया। बकौल महिला चोर ने बताया कि उसकी दो गायें जिनमें एक देसी व दूसरी जर्सी भी उसने ही चुरा कर कसाईबाड़े तक पहुंचा दी थीं। यह पूरा मामला पुलिस के संज्ञान में होने के बाबजूद न केवल उक्त चोर को जाने दिया गया बल्कि उसकी रिपोर्ट तक नहीं दर्ज की गई, वह भी इसलिये कि पुलिस को गाय कट जाने की बात पता चल गई थी। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से संदेह होना लाजिमी है कि कहीं न कहीं दाल में काला जरूर है। पुलिस की इस अगंभीरता से गोकशी के मामलों में इजाफा होने की खबरें निकल कर आ रहीं हैं। महिला की अगर मानें तो उसको पुलिस ने भरोसा दिया है कि उसकी गाय के पैसे दिलवा दिये जायेंगे। उसने यह भी बताया कि उसके इलाके से अब तक दर्जन भर से ज्यादा गायों को चुरा कर कसाईबाड़ों तक पहुंचा दिया गया है।






Leave a comment