उरई। पुलिस की स्वाॅट टीम ने बाइक चोरों का एक गिरोह पकड़ा जिसके पास से चोरी के 34 नवीनतम् माॅडल के वाहनों का जखीरा बरामद किया गया है। पूरे बुंदेलखंड में एक साथ चोरी की इतनी बाइक बरामद की जाने की पुलिस की यह पहली उपलब्धि है। अब पुलिस पकड़ी गई मोटर साइकिलों के मालिकों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में अजय सिंह उर्फ लल्ला निवासी भाल थाना राजपुर जिला कानपुर देहात के अलावा स्थानीय राजेंद्र नगर मोहल्ले के राजा भइया, सनी उर्फ अभिषेक व देवराज को पकड़ा गया है।
इस सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक ने स्वाॅट टीम को पांच हजार रुपये के नगद पुरस्कार का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चार लोगों के अलावा इनके साथ एक और बदमाश भी था जो पुलिस की दबिश के दौरान भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए अभी भी प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पकड़ा गया गिरोह कई जिलों में बाइक चोरी में सक्रिय था। इनसे बरामद मोटर साइकिलों में अपाचे, पेशनप्रो और डिस्कवर जैसी आधुनिकतम माॅडल की बाइक शामिल हैं। उन्होंने आशा प्रकट की कि उक्त गिरोह का भंडाफोड़ होने से कई जिलों में बाइक स्वामियों को राहत मिलेगी।






Leave a comment