उरई। गुरुवार की शाम रामजी लाल बालिका विद्यालय दिशा दर्शन कोचिंग सेंटर और क्रांति दल के छात्र/छात्राओं और युवाओं ने उड़ी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों की याद में विशाल केंडिल मार्च निकाला। सड़कों पर भारत माता की जिंदाबाद के नारे लगाते हुए युवा जब निकले तो देश भक्ति का जज्बा लोगों में उफान मार उठा। साथ-साथ में लोगों की मुटिठयां भी देश के बहादुर सैनिकों की कायराना हत्या का बदला लेने के लिए तन गई।

उड़ी में भारतीय सैनिकों को पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा कायराना ढंग से शहीद किये जाने की घटना के कारण पूरा देश उद्वेलित है। जिले में प्रतिदिन जगह-जगह केंडिल मार्च निकालकर जहां शहीद सैनिकों के लिए शोक जताया जा रहा है वहीं लोगोें का गुस्सा और जोश पाकिस्तान पर टूट पड़ने के लिए मचल रहा है। आज शाम राजमार्ग पर निकले केंडिल मार्च में फिर यह नजारा देखने को मिला। हरीओम पांडेय, श्रीराम पांडेय, राहुल शुक्ला, अनिल शुक्ला, रोहित द्विवेदी, सुमित तिवारी, देवेंद्र चैहान आदि के मार्गदर्शन में निकाले गये इस मार्च को देखकर लोग भावुक हो उठे। शहीद सैनिकों की याद में बरबस ही लोगों के आंसू तक छलक उठे।

उधर जालौन तहसील के औरेखी गांव में युवा विकास संगठन के अध्यक्ष अनिल प्रजापति के नेतृत्व में शहीद सैनिकों याद में केंडिल मार्च निकाला जिसमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग समेत सैकड़ों लोग शामिल थे। लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश जताते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाये। अरविंद प्रजापति पत्रकार, चंद्रभान कुशवाहा, मुन्ना दोहरे, रामकुमार कुशवाहा, हरगोविंद बरार, जितेंद्र पाल, अनमोल प्रजापति, नारायण सिंह, सुनील कुमार, बलदाऊ गुप्ता, छोटे आदि मुख्य रूप से जुलूस में शामिल रहे।






Leave a comment