जालौन-उरई। श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में नगर के मोहल्ला गोविन्देश्वर स्थित रामलीला भवन के ऐतिहासिक रंगमंच पर रामलीला का 169वां ऐतिहासिक मंचन 26 सितंबर से आरंभ होकर 12 अक्टूबर तक चलेगा। जिसमें बुंदेलखंड के महान कलाकारों द्वारा ऐतिहासिक रामलीला का मंचन किया जाएगा। यह बात रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं मंत्री ने संयुक्त रूप से पत्रकारों के समक्ष कही। इस बार रामलीला में नृत्यकार के रूप में महिला कलाकार आकर्षण का केंद्र रहेगी।
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी एवं मंत्री उमाशंकर चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 26 सितंबर से नगर के मोहल्ला गोविंदेश्वर परिसर स्थित ऐतिहासिक रामलीला भवन के रंगमंच पर बुंदेलखंड के प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा किया जाएगा। जो 12 अक्टूबर तक चलेगा। 26 सितंबर को सायं 5 बजे विधिवत श्रीगणेश पूजन किया जाएगा। इसके बाद 27 सितंबर को नारद मोह, रावण अत्याचार, 28 को रामजन्म, 29 को ताड़का वध, 30 जनक बाजार एवं पुष्प वाटिका, 01 अक्टूबर को धनुष यज्ञ तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद, 02 अक्टूबर को दिन में राम कलेवा, 03 अक्टूबर को राम वनवास, 04 को केवट संवाद, 05 को सीता हरण, 06 को राम-सुग्रीव मित्रता, 07 को लंका दहन, 08 को अंगद-रावण संवाद, 09 को लक्ष्मण शक्ति, 10 को अहिरावण वध, 11 अक्टूबर को सांय चार बजे से श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान में रावण वध लीला एवं रावण पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन भी नगर के आतिशबाजों द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात् 12 अक्टूबर को राम राज्यभिषेक की लीला का मंचन रामलीला भवन पर सायं 4 बजे से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार नृत्यकार के रूप में लखनऊ से महिला कलाकार गुंजारानी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा राम की भूमिका में अंजू तिवारी कुंवरपुरा, लक्ष्मण केके शुक्ला, जानकी मोहित, हनुमान राधेश्याम मिश्रा, दशानन श्यामशरण उरगांव, परशुराम जेडी शुक्ला, स्त्री पात्र दंगल मास्टर लोई, हास्य अभिनेता सुभाष मस्ताना के अलावा नायक, खलनायक की भूमिका में रामभूषण उदैनियां, रामशरण शर्मा, सुरेंद्र पाराशर, रमेशचंद्र दुबे, सुरेंद्र शर्मा, बृजेश शर्मा, दिगंबर तिवारी, राजकुमार मिझौना, विनोद विश्नोई, व्यास एवं हरमोनियम वादक केशव पांडे, ढोलक वादक राघवेंद्र मिझौना, पैड वादक रामशंकर तिवारी खकसीस रहेंगे। वहीं रामलीला निर्देशक के रूप में पं. पूरनचंद्र मिश्र ‘पूरन’ एवं प्रयाग दुबे उरगांव, सुरक्षा प्रभारी के रूप में योगेंद्र सिंह सेंगर ‘मन्ना’ एवं राजा सिंह सेंगर गधेला रहेंगे।






Leave a comment