23orai02उरई। जिला बार संघ में एक बार फिर घमासान शुरू हो गया है। बार संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर एल्डर्स कमेटी से हटाये गये तीन अधिवक्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नोटिस जारी करने का एलान किया।
गत् 5 फरवरी 2016 को हुए चुनाव में निर्वाचित बार संघ अध्यक्ष महेश दुबे और महासचिव बृजबिहारी गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने जिला जजी के अधिवक्ता संघ सभागार में पत्रकारों से कहा कि जगत नारायण गुप्ता, अकबर अली और वीरेंद्र पाल सिंह को उनके अनियमित क्रियाकलापों की वजह से हटा दिया गया था। उन्होंने विधिवत हुए चुनाव को लेकर रजिस्ट्रार सोसाइटी चिट्स एंड फण्ड झांसी से उक्त चुनाव निरस्त कराने का आदेश उन्हें भ्रामक तथ्य देकर पारित करा लिया। इसके बाद उन्होंने नये सिरे से चुनाव प्रक्रिया तय करने का प्रयास किया लेकिन राज्य बार कौंसिल ने उनके कदम को मान्यता नही दी है।
बार पदाधिकारियों ने कहा कि एल्डर्स कमेटी के उक्त तीन अधिवक्ताओं पर नामांकन शुल्क व अन्य जमा खर्च का सही हिसाब न देने का भी आरोप है। उन्होंने कहा कि ये लोग बार संघ के बारे में भ्रामक जानकारियां देकर अधिवक्ता समाज की छवि बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। इनको नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर यह लोग अपने क्रिया कलापों से बाज नही आये तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment