उरई। पुराना राम नगर में लक्ष्मी मंदिर के पास की बस्ती के लोग एक सनकी की कारगुजारियों से हलकान हैं जिसने मानसिक संतुलन ठीक न होने का प्रमाण पत्र बनवाकर लोगों को उत्पीड़ित करने का जैसे लाइसेंस हासिल कर लिया है। उसकी अराजकता इस सीमा तक बढ़ गई है कि बस्ती के लोगों के सामने दो ही विकल्प रह गये हैं या तो वे औने-पौने में अपना घर मकान बेंचकर बस्ती से दफा हो जायें या पुलिस का भरोसा छोड़कर खुद ही उसकी सनक उतारने का इंतजाम कर दें।
बस्ती के लोगों ने आज सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने यहां के खौफनाक हालातों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संजय यादव नाम के एक तथाकथित पागल युवक की हरकतों से उनका जीना मुश्किल हो चुका है। वह जब मर्जी आता है नंग-धडं़ग होकर लोगों के घरों के सामने घूमने लगता है। महिलायें शर्म की वजह से घर के बाहर नहीं निकल पातीं। दूसरी ओर लोगों का खून खौलने लगता है।
कोई उसे समझाने की कोशिश करे तो वह तमंचा लेकर गोली चलाने की धमकी देने लगता है। इस बारे में डिप्टीगंज चैकी और कोतवाली पुलिस को पहले भी सूचित किया गया लेकिन पुलिस भी कार्रवाई के नाम पर उसके मेडिकल प्रमाण पत्र की आड़ लेकर निरुपायता का बहाना करने लगती है। मोहल्ले वालों ने कहा कि शांति व्यवस्था के हित में अगर ऐसे व्यक्ति को कोई दिमागी समस्या है तो उसे पकड़कर मानसिक चिकित्सालय भिजवाया जाये अन्यथा उसकी अराजकता पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई कर अंकुश लगाया जाये। प्रार्थना पत्र देने वालों में कृष्णगोपाल निरंजन, जितेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार, लोकेंद्र निरंजन, गौरव कुमार, विनीत कुमार, बब्लू रावत, राममोहन निरंजन, चंद्रप्रकाश सोनी, रिषभ कुमार, अनूप कुमार दुबे आदि शामिल थे। प्रभारी निरीक्षक जेपी यादव ने मोहल्ले के लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a comment