उरई। हड़ताली आंगनवाड़ियों और सहायिकाओं के बीच पहुंचकर प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उन्हें मनाने की सार्थक पहल की। जालौन की बाल विकास परियोजनाधिकारी के बारे में की गई शिकायतों पर उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पिछले कई दिनों से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं द्वारा अपने स्थाई करण और वेतन वृद्धि को लेकर हंगामी प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन की वजह से कलेक्ट्रेट में अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी कमलेश मौर्या ने आंगनवाड़ियों की हड़ताल से प्रशासन को हो रही परेशानी के मददेनजर आज उनके बीच पहुंचकर उनकी बात सुनी। सरकार के स्तर की मांगों के अलावा आंगनवाड़ियों ने जालौन की सीडीपीओ विमलेश आर्या के भ्रष्टाचार और उत्पीड़न पर भी डीपीओ के सामने गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि सीडीपीओ के पति जितेंद्र चैरसिया आंगनवाड़ियों से अवैध वसूली के लिए गाली-गलौज से लेकर हर तरह की अभद्रता करते हैं। पानी अब सिर से ऊपर हो चुका है जिसके कारण अगर सीडीपीओ जालौन के खिलाफ कार्रवाई नही हुई तो किसी दिन अप्रिय घटना हो जायेगी।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उनको शांत करते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर की उनकी सभी मांगों पर पूरी सहानुभूति के साथ उच्च स्तर तक लिखापढ़ी की जायेगी। स्थानीय शिकायतों को लेकर बोले कि पूरी निष्पक्षता से जांच होगी और किसी तरह का उत्पीड़न व उगाही बर्दाश्त नही की जायेगी।






Leave a comment