उरई। पांच हजार रुपये के फरारी को एट पुलिस ने दबोच लिया। जिले में इनामी बदमाशों की धड़ाधड़ गिरफ्तारी के अभियान में इससे एक और शानदार अध्याय जुड़ गया है। शांतिप्रिय नागरिकों में पुलिस की इस कारगुजारी से जहां सुकून का माहौल बन रहा है वहीं शातिर अपराधी दबाव में आकर जिले से कूंच करने को मजबूर हो रहे हैं।
एट निवासी असलम भोपाली मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जाकर बस गया था। अपराधी मानसिकता के कारण वहां उसने दहशत का माहौल बनाना शुरू कर दिया। इस क्रम में उसने सनसनीखेज कांड कर डाला। जिसे लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं का मुकदमा कायम हुआ।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा तलाश किये जाने से अपने को बचाने के लिए वह वापस एट आ गया और यहीं छुपकर रह रहा था। इस बीच मध्यप्रदेश पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। एट के थानाध्यक्ष बृजनेश यादव को उसके बारे में जब यह जानकारी हुई कि वह मध्यप्रदेश का इनामी फरारी है तो उन्होंने भागने का मौका दिये बिना आज उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। इसको देखते हुए उसका आम्र्स एक्ट में यहां चालान कर दिया गया और उसकी गिरफ्तारी की सूचना भोपाल पुलिस को दे दी गई तांकि भोपाल पुलिस बी-वारंट बनवाकर उसे यहां जेल से अपने मुकदमे में ले जा सके।






Leave a comment