उरई। चंबल घाटी में अपने समय के सबसे बड़े इनामी डकैत रहे मलखान सिंह का कहना है कि उन्होंने लूटमार और अपहरण के लिए नहीं बल्कि अन्याय मिटाने के लिए हथियार उठाये थे। उन्होंने कहा कि उनके समय तक चंबल में डकैत नही बागी हुआ करते थे। समाज में मर्यादा बनाये रखने के लिए उन्होंने बीहड़ों में संघर्ष किया जिसकी वजह से लोगों का विश्वास और सम्मान उन्हें हासिल रहा। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले जब छिछोरे डकैत जालौन जिले में गरीब जनता को सता रहे थे उस समय उन्होनें रामपुरा में पहुंचकर बीहड़ों में उन्हें ललकारा था। मलखान सिंह ने कहा कि जीवन भर उन्होंने सताये गये लोगों की मदद की है और आगे भी करते रहेंगे।
17 जून 1982 को भिंड जिले के एसएएफ ग्राउंड में मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के सामने समर्पण करने के पहले मलखान सिंह 80 सदस्यीय गिरोह का बीहड़ों में संचालन करते हुए पुलिस की नाक में दम किये हुए थे। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान की पुलिस ने इसको देखते हुए उनकी जिंदा या मुर्दा गिरफ्तारी पर डेढ़ लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
खांगर समाज से जुड़े मलखान सिंह शनिवार को यहां सिचाई विभाग के निरीक्षण गृह में कुछ देर के लिए रुके। वे 25 सितंबर को अतरौली संडीला में होने जा रही खांगर समाज की रैली में भाग लेने जा रहे थे। खांगर समाज के लोगों ने यहां भी उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए मलखान सिंह ने कहा कि खांगर समाज की राजनीति में हिस्सेदारी नगण्य है। हम संदेश देना चाहते हैं कि जो पार्टी हमारे समाज को राजनीति में उचित भागीदारी देगी हम उसका समर्थन करेंगे। अभी हमने किसी पार्टी को समर्थन देने का फैसला नही किया है।
मलखान सिंह ने बताया कि उनके जीवन पर आधारित फिल्म कुछ ही दिनों में रिलीज होने वाली है। इससे नई पीढ़ी को भी यह जानकारी मिल पायेगी कि पुलिस बागियों को बदनाम करती थी लेकिन जनता हमें क्यों अपना रक्षक मानती थी।
मलखान सिंह कुछ वर्ष पहले समाजवादी पार्टी से भिंड विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इसलिए भले ही उनका यह कहना हो कि वे किसी पार्टी से नही जुड़े लेकिन उनके आगमन की खबर मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता उनका स्वागत करने पहुंच गये। माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा और दरियाव सिंह यादव ने माल्यार्पण करके दददा के नाम से अपनों के बीच मशहूर मलखान सिंह का स्वागत किया तो मलखान सिंह ने भी उन्हें गले लगाकर पूरी गर्मजोशी दिखाई।






Leave a comment