25orai06उरई। विधानसभा चुनाव के लिए तेजी से चल रही कवायद के क्रम में जिलाधिकारी संदीप कौर ने रविवार को बैठक बुलाकर सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने का फरमान जारी किया तांकि मतदान केंद्र के रूप में इन भवनों का इस्तेमाल होने पर किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
चुनाव में मतदाता भगवान की सुख सुविधा के मामले में आयोग अब किसी तरह की अनदेखी न होने देने के लिए मुस्तैद है। इसीलिए चुनाव आयोग का बजट इतना ज्यादा भारी भरकम होता जा रहा है लेकिन इन प्रयासों से मतदान प्रतिशत में वाकई में अकल्पनीय बढ़ोत्तरी हुई है जिससे चुनाव आयोग से जुड़े अफसरों को सारे संसार से अपनी पीठ ठुकवाने का मौका मिला है।
इस जोश को बरकरार रखते हुए प्रदेश की विधानसभा के अगले चुनाव में भी व्यवस्थाओं के लिए आयोग सरकारी खजाने को दोनों हाथों से उलीचने में कोई कसर नही छोड़ रहा। चुनाव आयोग के निर्देशों की जानकारी संबंधित अफसरों को देते हुए डीएम ने बताया कि प्रत्येक मतदान भवन में शौचालय, रैंप, दुरुस्त खिड़की, दरवाजे, बिजली का कनेक्शन, सोलर लाइट की वैकल्पिक व्यवस्था, पेयजल के लिए अलग और शौचालय के लिए अलग टंकियां व हर भवन की नई रंगाई-पुताई कराई जानी है। इसके लिए बजट की कोई कमी नही है। बीएसए और डीपीआरओ अपने स्टीमेट भवन वार तैयार करा लें। समय रहते सभी काम युद्ध स्तर पर पूरे कराये जायें।
बैठक में डीडीओ आरएस गौतम, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज्य अधिकारी सरफराज आलम, सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट और प्रधानाध्यापक आदि उपस्थित थे।

Leave a comment