(डाॅ0 राकेश द्विवेदी की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)
25orai03उरई। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को होश में रखकर उनके उत्साह को बनाए रखना चाहती है। 18 से 20 सितम्बर के बीच पार्टी के युवराज राहुल गांधी जो नींव रखकर गए हैं, प्रदेशाध्यक्ष राज बब्बर उसी पर उम्मीदों का भवन खड़ा करने आ रहे हैं। वे 8 अक्टूबर को नवदुर्गा के दौरान यहां आएंगे। उनके साथ सांसद पी0एल0पूनियां और प्रमोद तिवारी के भी आने की खबर है।
फिल्म अभिनेता से राजनीतिज्ञ बने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राज बब्बर 8 अक्टूबर को जिले में होंगे। इस खबर को कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सदर विधायक विनोद चतुर्वेदी ने स्वयं पक्का किया है उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर का कार्यक्रम तय हो चुका है। तैयारियों की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष चैधरी श्याम सुन्दर और शहर अध्यक्ष डाॅ0 रेहान सिद्दीकी पर रहेगी। 27 साल यू0पी0 बेहाल के नाम से यू0पी0 का भ्रमण कर रहे राज बब्बर यहाॅं एक कार्यक्रम को भी सम्बोधित करेंगे। पार्टी उस स्थान को फायनल करने में जुट गई है। बताया जाता है कि राज बब्बर को बुंदेलखण्ड जाकर भाजपा के विरुद्ध और ज्यादा हमलावर होने का संदेश ऊपर से दिया गया है। उड़ी हमले के कुछ बिन्दुओं को भी उठाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त किसानों के आंसू पोंछने तथा दिलासा देने का सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा।
राहुल के जिला मुख्यालय पर रोड शो और कोंच में हुई खाट सभा के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता जोश से भरे हैं। राहुल गांधी स्वयं भी यहाॅं दिखे जनसमर्थन से बल्ले-बल्ले होकर लौटे हैं। राहुल द्वारा बनाई गई इस पिच की मजबूती बनाए रखने के लिए अब राज बब्बर यहाॅं आ रहे हैं। राज बब्बर का फिल्मी ग्लैमर भी है और उनकी चुटीली भाषणबाजी में भीड़ खींचने का पूरा माद्दा भी है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि उनके कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी तादाद जुटेगी। श्याम सुन्दर चैधरी और रेहान सिद्दीकी को राज बब्बर की सभा की तैयारी में इसलिए काफी मजा भी आ रहा है।

Leave a comment