
उरई। अनुराधा टाकीज के सामने रेलवे गोदाम रोड पर स्कूल जा रहे छात्र की हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर जाने से करेण्ट के कारण मौत हो गई। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने बिजली विभाग के अभियन्ताओं के खिलाफ हत्या का मुकद्मा कायम कर उन्हेें जेल भेजने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। सदर विधायक दया शंकर वर्मा के मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने और प्रभारी कोतवाल सुनील तिवारी के भारी फोर्स के साथ आ जाने के बावजूद स्थिति संभल नहीं पा रही है। इस बीच उग्र भीड़ ने साबरमती एक्सप्रेस को भी आउटर पर रोक दिया है।

मृतक छात्र शिवम श्रीवास पुत्र बाल किशन निवासी मोहल्ला राजेन्द्र नगर गांधी इण्टर कालेज में इण्टर का छात्र था। लोग इस बात पर बेहद खफा हैं कि आए दिन हाईटेंशन लाइन के टूटने से मौतें हो रहीं हैं, लेकिन लापरवाह और भ्रष्ट विद्युत अभियन्ता लोगों की जानमाल की सुरक्षा का सुनिश्चित प्रबन्ध नहीं कर रहे हैं। शहर में विद्युत सुधार योजना में हाल ही में करोड़ों रुपए का बजट खर्च हुआ है। इसके बावजूद घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक से गुजरी हाईटेंशन लाइन में निरापद इन्तजाम नहीं हो पाया है। आज के हादसे ने बिजली विभाग की नीयत की पोल खोलकर रख दी है।








Leave a comment