उरई। सोमवार को रेलवे मालगोदाम रोड पर साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहे छात्र की हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर जाने से करंट के कारण मौत हो गई जिसके बाद लोगों ने उग्र होकर सड़क पर जाम लगा दिया। घटना की खबर फैलते ही मृत छात्र के सहपाठी बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन के भीतर घुस गये और उन्होंने साबरमती एक्सप्रेस के इंजन के सामने खड़े होकर ट्रेन रोक दी। लगभग 40 मिनिट तक उन्होंने ट्रेन को आगे नही बढ़ने दिया। जाम के समय सांत्वना देने पहुंचे सदर विधायक दयाशंकर वर्मा को भी भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
मृत छात्र राजेंद्र नगर निवासी बालकिशुन श्रीवास का पुत्र शिवम बताया गया है जो गांधी इंटर काॅलेज में पढ़ता था। घटना को लेकर लगभग डेढ़ घंटे तक बबाल मचा रहा। उग्र भीड़ बिजली विभाग के अभियंताओं के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्र और सीओ सिटी डाॅ. जंगबहादुर सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ स्थिति संभालने के लिए जूझते रहे। बाद में विद्युत वितरण के अधिशाषी अभियंता रमेश चंद्रा को भी मौके पर बुला लिया गया। उन्होंने मृत छात्र के पिता को आज ही दो लाख रुपये की चैक देने और उनके परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नियुक्त करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद भीड़ शांत हो सकी। रमेश चंद्रा ने बाद में कहा कि जर्जर हाईटेंशन लाइनों को बदलने के लिए आज से ही युद्ध स्तर पर कार्य शुरू करा दिया जायेगा।

Leave a comment