*
कोंच। शिक्षा के मंदिर अब युद्घ के अखाड़े बनते जा रहे हैं, लौना प्रथमिक पाठशाला में इसका नजारा देखने को मिला जहां दो महिला टीचर तैनात हैं और दोनों के पति वहां आकर बैठते ही नहीं हैं बल्कि आपस में झगड़ते भी हैं। आज तो झगड़ा इतना बढ गया कि दोनों महिला टीचर एसडीएम के यहां स्कूल के बच्चों को लेकर पहुंच गईं और दोनों ने एक दूसरे के पतियों पर उनके साथ मारपीट का के आरोप लगा डाले।

ब्लॉक कोंच के ग्राम लौना में प्रधानाध्यापिका के तौर पर मायादेवी और सहायक के तौर पर नीतू पांचाल तैनात हैं। मसला ये है कि माया के पति भैयालाल वर्मा और नीतू के पति केशव पांचाल अपनी टीचर पत्नियों के साथ आते हैं और विद्यालय में दोनों रोज ही झगड़ते हैं। बताते हैं कि आज भी दोनों आये थे और रोज की तरह झगडऩे लगे। इसके बाद टीचर्स ने स्कूल के दर्जनों बच्चों को साथ लिया और पहुंच गईं तहसील जहां उन्होंने एसडीएम मुईनुल इस्लाम को अलग अलग प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि दूसरी टीचर के पति दिन भी मोबाइल बजाते हैं और अश्लील बातें करते हैं जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। आज तो हद ही हो गई, जब ऐसा करने से रोका गया तो आरोप है कि मारपीट की नौबत बन गई। यहां सवाल यह है कि क्या इन पतियों पर लगाम नहीं लगेगी, अगर इन्हें रोका न गया तो किसी दिन बड़ा बबाल होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। दूसरे इन महिला टीचरों को इस बात की सख्त ताकीद की जाये कि ये अपने आपसी झगड़े में मासूम बच्चों को मोहरा न बनायें।






Leave a comment