कोंच। रविवार तड़के ग्राम अंडा में हुये वृद्घ के सनसनीखेज कत्ल को लेकर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर अपनी पूछताछ जारी रखी हुई है लेकिन दो दिन की भारीभरकम पूछताछ के बाद भी कुछ निकल कर नहीं आना पुलिस की असफलता दर्शाने के लिये काफी है। पुलिस के पास एक मात्र क्लू घटना स्थल पर मिला रक्तरंजित मोबाइल ही है और मोबाइल मालिक तथा उसका भाई पुलिस की सभी हथकंडों से युक्त पूछताछ की प्रक्रिया के बाद भी कुछ नहीं निकल कर आना हत्याकांड के रहस्यों को और भी गहरा कर रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडा में धनसिंह कुशवाहा (65) पुत्र लीलाधर की खून से लथपथ लाश उसके मवेशी वाड़े में चारपाई पर पड़ी मिली थी। लाश के पास ही गांव के सुरेन्द्र राठौर (25) पुत्र अशोक कुमार नामक शख्स का खून के छींटे युक्त मोबाइल पड़ा मिला था और उसी आधार पर पुलिस ने सुरेन्द्र को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक की जानकारी में जो बात सामने आई है उसके मुताबिक मोबाइल तो सुरेन्द्र का ही है और उसने यह बात स्वीकारी भी है लेकिन घटना स्थल पर वह कैसे पहुंचा इसे लेकर उसका कहना है मोबाइल रात से लापता था और वह उसकी तलाश भी कर रहा था। अब अगर मौका-ए-वारदात पर सुरेन्द्र नहीं था तो बड़ा सवाल यही है कि उसके मोबाइल को क्या किसी और ने वहां प्लांट किया था, इसके पीछे उसका क्या मकसद हो सकता है। पुलिस ने सुरेन्द्र के भाई को भी हिरासत में लिया है और उससे भी कड़ी पूछताछ की गई है लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली ही हैं। इस प्रकार हत्या का एक मात्र क्लू मोबाइल भी पुलिस के कुछ काम नहीं आ रहा है। इधर, गांव में तरह तरह की चर्चायें व्याप्त हैं, ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चाओं की अगर मानें तो इस रहस्यमय हत्याकांड के तार लेडीज से भी जुड़े हो सकते हैं। बताते तो यहां तक हैं कि इसमें कम से कम दो महिलाओं की संलिप्तता हो सकती है। बहरहाल, जो भी हो, सारा दारोमदार अब पुलिस और उसकी सहयोगी सर्विलांस टीम पर है। सर्विलांस टीम ही इस रहस्य को खोल सकती है कि उक्त मोबाइल की कत्ल के साथ कितनी भूमिका है।

हत्या की जड़ में महिला-सीओ
* 24 घंटे में हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का सीओ का दावा
कोंच। अंडा के अंधे कत्ल को लेकर पुलिस ने बड़ा दावा किया है, सीओ एके शुक्ल ने दावा किया है कि हत्या की जड़ में महिला बैठी है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में दो से लेकर तीन लोगों की संलिप्तता है, घटना पर पड़ा पर्दा अगले चौबीस घंटे में हट जायेगा। उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि पुलिस न केवल हत्यारों तक पहुंच गई है बल्कि पुलिस उनके साथ खेल रही है। इस दावे में सचाई कितनी होगी, यह तो आने बाले चौबीस घंटे बतायेंगे लेकिन सच तो यह है कि पुलिस ने अभी तक वह हथियार तक नहीं बरामद कर पाया है जिससे धनसिंह की हत्या की गई थी।

Leave a comment